पुलिस ने भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे को हिरासत में लिया, बिगड़ी तबीयत
नैनीताल। दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, रंगदारी और जबरन गर्भपात कराने के आरोपों में नामजद भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे को नैनीताल, भवाली और हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात उनके आवास से हिरासत में ले लिया। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा और मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी एकत्र हो गए।पुलिस कार्रवाई के दौरान नरेश पांडे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर लाइव आकर अपने पक्ष में कई बातें कहीं। लाइव प्रसारण के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस बिना वारंट उनके घर पहुंची है तथा उनके परिवार के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने स्वयं को निर्दाेष बताते हुए लोगों से सहयोग और समर्थन की अपील भी की। इसी दौरान नरेश पांडे की तबीयत अचानक बिगड़ गई। पुलिस के अनुसार, उन्होंने कथित रूप से किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए बी.डी. पांडे चिकित्सालय पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी स्थित उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया। फिलहाल उनका उपचार चिकित्सकीय निगरानी में जारी है।पुलिस के अनुसार, एक युवती द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर नरेश पांडे के विरुद्ध दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, रंगदारी व गर्भपात कराने सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच के दौरान एकत्र किए गए साक्ष्यों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी. ने बताया कि मामले की विवेचना नियमानुसार जारी है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विधिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के अनुरूप आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर, घटना के बाद भवाली क्षेत्र में मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। सोशल मीडिया पर भी नरेश पांडे के फेसबुक लाइव का वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिस पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। हालांकि पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मामले से संबंधित किसी भी अपुष्ट जानकारी या अफवाह पर विश्वास न करें और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखें। यह मामला फिलहाल जांच के अधीन है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा विवेचना के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, नरेश पांडे द्वारा लगाए गए आरोपों की भी आवश्यकतानुसार जांच की जाएगी।

