कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव ने दिए कड़े निर्देश
31 जुलाई से 04 अगस्त के बीच भीड़ प्रबंधन पर रहेगा विशेष फोकस
देहरादून । मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय में आगामी 30 जुलाई से शुरू हो रही कांवड़ यात्रा की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ही विभिन्न जनपदों के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे। मुख्य सचिव ने कांवड़ मेले के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने बताया कि कांवड़ मेला 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक संचालित होगा। इस दौरान 31 जुलाई से 04 अगस्त के बीच पंचक काल होने के कारण श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना है, जिसके लिए विशेष व्यवस्थाएं करने पर जोर दिया गया। उन्होंने कांवड़ पटरियों और प्रमुख पड़ाव स्थलों पर पेयजल, मोबाइल शौचालय, नियमित कूड़ा उठान, फॉगिंग और पथ प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके अतिरिक्त कांवड़ मार्ग पर अस्थायी सेक्टर चिकित्सालय, बी.एल.एस. एम्बुलेंस और बाइक एम्बुलेंस की तैनाती के भी निर्देश दिए गए। बैठक में हरिद्वार आने वाले वाहनों की पार्किंग के लिए स्थलों की मरम्मत और विस्तारीकरण का कार्य प्राथमिकता से पूरा करने को कहा गया। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर बैरिकेडिंग और मार्ग सुधारीकरण के कार्यों को तत्काल गति देने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने यूपीसीएल को बिजली आपूर्ति का ऑडिट करने के निर्देश दिए और यात्रा मार्गों पर स्थायी विद्युतीकरण की व्यवस्था बनाने को कहा। खाद्य सुरक्षा के दृष्टिगत उन्होंने स्थायी व अस्थायी स्टॉलों, भंडारों, होटलों और ढाबों पर निरंतर निरीक्षण व खाद्य पदार्थों के नमूने लेने के लिए टीमों के गठन के निर्देश दिए। कानून व्यवस्था के संबंध में मुख्य सचिव ने कहा कि यात्रा के दौरान शांति बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। साथ ही पड़ोसी राज्यों के साथ अंतर्राज्यीय समन्वय बैठक शीघ्र आयोजित कर उनसे आवश्यक सहयोग लेने को कहा गया। इस अवसर पर सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, विनोद कुमार सुमन, धीरज गर्ब्याल, अपर सचिव रीना जोशी, आयुक्त गढ़वाल आनन्द स्वरूप, जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित, जिलाधिकारी देहरादून आशीष चौहान, जिलाधिकारी पौड़ी स्वाति एस. भदौरिया और जिलाधिकारी टिहरी नीतिका खंडेलवाल सहित संबंधित जनपदों के पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे।
