Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मुंबई में प्रवासी सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने विकास यात्रा और विकसित उत्तराखंड का विजन किया साझा

मुंबई/देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुंबई में आयोजित प्रवासी उत्तराखंडवासियों के भव्य सम्मेलन में प्रदेश और देश विदेश में बसे उत्तराखंड मूल के लोगों के साथ आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें राज्य के विकास का महत्वपूर्ण भागीदार बताया। उन्होंने कहा कि देश दुनिया में बसे उत्तराखंडवासी राज्य के सबसे बड़े सांस्कृतिक दूत और ब्रांड एंबेसडर हैं तथा उनके ज्ञान, अनुभव, निवेश और सामाजिक योगदान से विकसित एवं आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण को नई गति मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक राजधानी मुंबई में उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों को जीवंत बनाए रखने वाले प्रवासी उत्तराखंडवासियों के बीच आकर उन्हें विशेष आत्मीयता और गर्व की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि भौगोलिक दूरी चाहे कितनी भी हो, उत्तराखंड और उसके प्रवासी परिवारों के बीच भावनात्मक संबंध हमेशा अटूट रहे हैं। अपनी मेहनत, संस्कार और उपलब्धियों के बल पर प्रवासी उत्तराखंडवासी देश और दुनिया में राज्य की प्रतिष्ठा बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रवासी समाज का अपनी मातृभूमि के प्रति स्नेह और समर्पण राज्य की सबसे बड़ी शक्ति है। नई पीढ़ी को भी उत्तराखंड की संस्कृति, लोक परंपराओं और जीवन मूल्यों से जोड़ने में प्रवासी समाज महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री ने सभी प्रवासी संगठनों और उपस्थित उत्तराखंडवासियों का आभार भी व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रवासी उत्तराखंडवासियों की प्रतिभा, अनुभव और विशेषज्ञता को राज्य के विकास से जोड़ने के उद्देश्य से प्रवासी उत्तराखंड परिषद का गठन किया है। परिषद के माध्यम से देश विदेश में रहने वाले उत्तराखंडवासी निवेश, नवाचार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और विकास योजनाओं में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *