Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

गौला नदी में कूदे छात्र प्रियांशु का शव बरामद

हल्द्वानी। गौला पुल से नदी में छलांग लगाने वाले 17 वर्षीय छात्र प्रियांशु का शव सोमवार सुबह एसडीआरएफ ने कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया। रविवार शाम से चलाए जा रहे रेस्क्यू अभियान को देर रात अंधेरा और नदी की गहराई के कारण रोकना पड़ा था। सोमवार सुबह दोबारा शुरू किए गए सर्च ऑपरेशन में एसडीआरएफ की टीम ने गौला नदी के चेक डैम के गहरे पानी से शव बाहर निकाल लिया। शव बरामद होने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। तहसीलदार कुलदीप पांडे ने मृतक की पहचान 17 वर्षीय प्रियांशु निवासी मोतीनगर, हल्द्वानी के रूप में की। वह कक्षा 12 का छात्र था। एसडीआरएफ की टीम ने शव को नदी से बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस के अनुसार प्रियांशु ने किन परिस्थितियों में गौला पुल से छलांग लगाई, इसकी जांच की जा रही है। मामले की तह तक पहुंचने के लिए परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल आत्मघाती कदम उठाने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। गौरतलब है कि रविवार शाम प्रियांशु के गौला पुल से नदी में कूदने की सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडी आरएफ की टीम मौके पर पहुंची थी। देर रात तक चले रेस्क्यू अभियान में सफलता नहीं मिलने पर सोमवार सुबह फिर से तलाशी अभियान शुरू किया गया, जिसके बाद छात्र का शव बरामद कर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *