भारत नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था पर आईजी ने कसा शिकंजा
चम्पावत । पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती ने सोमवार को जनपद चम्पावत का भ्रमण कर भारत नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बनबसा सीमा क्षेत्र में तैनात पुलिस बल की कार्यप्रणाली का जायजा लेने के साथ जनपद के पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और सीमा सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान आईजी ने सबसे पहले बनबसा स्थित भारत नेपाल सीमा का निरीक्षण किया। उन्होंने सीमा क्षेत्र में तैनात पुलिस कर्मियों से सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए सीमा पर प्रभावी निगरानी बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सीमा सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था हर स्तर पर सुदृढ़ रहनी चाहिए। इसके बाद आईजी ने जनपद प्रभारी एवं समस्त राजपत्रित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान, यातायात प्रबंधन तथा लंबित विवेचनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने विभिन्न मामलों की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश भी दिए। बैठक में आईजी निवेदिता कुकरेती ने अधिकारियों से कहा कि जनहित और प्रभावी पुलिसिंग सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अपराधों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण अनावरण, महिला एवं बाल सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने, साइबर अपराधों के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित करते हुए शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य किया जाए।
