कोचिंग संस्थानों में अग्नि सुरक्षा इंतजामों की जांच, दो कोचिंग सेंटरों में मिलीं खामियां
रुद्रपुर। लखनऊ में हुए हादसे के बाद अग्निशमन विभाग ने शहर के कोचिंग संस्थानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच शुरू कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को आवास विकास और नैनीताल रोड स्थित विभिन्न कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने अग्निशमन उपकरणों, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन निकास मार्गों तथा अन्य सुरक्षा मानकों का जायजा लिया। प्रभारी अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान दो कोचिंग संस्थानों में अग्नि सुरक्षा से संबंधित कुछ कमियां पाई गई हैं। संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी कर निर्धारित समयावधि में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए जाएंगे। वहीं, नैनीताल रोड स्थित आकाश इंस्टीटड्ढूट में सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप पाई गईं। उन्होंने बताया कि आकाश इंस्टीटड्ढूट में शीघ्र ही मॉक ड्रिल आयोजित कर सुरक्षा व्यवस्थाओं और आपातकालीन निकासी प्रणाली का व्यावहारिक परीक्षण किया जाएगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों और संस्थान कर्मियों को आपदा की स्थिति में त्वरित एवं सुरक्षित प्रतिक्रिया के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा आगे भी नियमित निरीक्षण और मॉक ड्रिल आयोजित कर कोचिंग संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
