सीएम ने अंतरराष्ट्रीय क्याकिंग प्रतियोगिता की तैयारियों का लिया जायजा
गूलरभोज। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऊधम सिंह नगर के गदरपुर में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों के लिए की जा रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी प्रबंध, आवागमन, आवास और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध और निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और देश विदेश से आने वाले प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और आयोजन को सफल बनाने में कोई कमी न रहने दें। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं भी वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का अनुभव लिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में साहसिक खेलों की अपार संभावनाएं हैं और राज्य की प्राकृतिक परिस्थितियां जल क्रीड़ा, पर्वतीय खेलों तथा एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए बेहद अनुकूल हैं। सरकार आधुनिक खेल अवसंरचना विकसित करने और खेल सुविधाओं का विस्तार करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को खेलों के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना है। इसके लिए खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और अधिक अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ उन्हें वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ पर्यटन, स्थानीय व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलती है। इससे उत्तराखंड की पहचान साहसिक पर्यटन और खेल गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में और अधिक मजबूत होगी तथा देश विदेश के पर्यटक यहां की प्राकृतिक सुंदरता के साथ खेल पर्यटन का भी आनंद ले सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को जन जन तक पहुंचाने और युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण, संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को प्रतियोगिता स्थल पर स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि यह आयोजन उत्तराखंड की
कार्य संस्कृति और आतिथ्य का उत्कृष्ट उदाहरण बन सके।निरीक्षण के दौरान विधायक अरविंद पांडेय
सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
