गढ़ी नेगी नगर पंचायत चुनाव में निर्दलीय अभिषेक सुखीजा 94 वोटों से विजयी
ऊधम सिंह नगर। गढ़ी नेगी नगर पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी अभिषेक सुखीजा ने शानदार जीत दर्ज की है। अभिषेक सुखीजा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सचिन बठला को 94 वोटों के अंतर से पराजित कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।जीत के बाद क्षेत्र में समर्थकों और युवा साथियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। अभिषेक सुखीजा की इस जीत को जनता के विश्वास, संघर्ष, सेवा और समर्पण की जीत के रूप में देखा जा रहा है।समर्थकों का कहना है कि गढ़ी नेगी की जनता ने अपना आशीर्वाद देकर यह साबित कर दिया कि धरातल पर किया गया निरंतर संघर्ष और जनसेवा कभी व्यर्थ नहीं जाती। यह विजय केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि वर्षों से क्षेत्र और समाज के लिए समर्पित भाव से कार्य करने वाले सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों की जीत है।चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद समर्थकों ने अभिषेक सुखीजा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। साथ ही सभी सम्मानित मतदाताओं और कार्यकर्ताओं को इस ऐतिहासिक जीत के लिए शुभकामनाएं दी गईं।अभिषेक सुखीजा को 94 वोटों से मिली इस जीत ने गढ़ी नेगी नगर पंचायत की राजनीति में एक नया अध्याय जोड़ दिया है।
