मुख्यमंत्री धामी ने दी शुभकामनाएं : प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प हो रहा साकार
प्रधानमंत्री के 12 वर्ष के कार्यकाल को बताया ऐतिहासिक, कहा उत्तराखंड बना विकास योजनाओं का सबसे बड़ा लाभार्थी
देहरादून (उद संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केंद्र सरकार में लगातार 12 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देश के साथ ही देवभूमि उत्तराखंड भी विकास और नवोदय के नए युग में प्रवेश कर रहा है। सोमवार को जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चार करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि 81 करोड़ लोगों को हर माह निःशुल्क राशन मिल रहा है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से 60 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिला है तथा मुद्रा योजना के तहत लाखों युवाओं और उद्यमियों को बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में पेयजल आपूर्ति, सड़क, रेल और शहरी परिवहन के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। आजादी के सात दशकों बाद जहां केवल 3-2 करोड़ घरों तक नल से जल पहुंचा था, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 16 करोड़ से अधिक हो गई है। वर्ष 2014 तक देश के केवल पांच शहर मेट्रो रेल सेवा से जुड़े थे, जबकि अब 26 शहरों तक इसका विस्तार हो चुका है और मेट्रो नेटवर्क भी कई गुना बढ़ा है। धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रहा है। डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में भारत दुनिया का नेतृत्व कर रहा है और वैश्विक डिजिटल लेनदेन का बड़ा हिस्सा भारत में हो रहा है। रक्षा उत्पादन, अंतरिक्ष विज्ञान, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्टार्टअप और सेमीकंडक्टर निर्माण जैसे क्षेत्रें में देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सेना में स्थायी कमीशन देने जैसे निर्णयों ने नारी शक्ति को नई पहचान दी है। देश आज आतंकवाद और नक्सलवाद के िखलाफ भी निर्णायक कार्रवाई करने में सक्षम हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन का सबसे बड़ा लाभ उत्तराखंड को मिला है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना, दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे सहित अनेक महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। सितारगंज टनकपुर, पौंटा साहिब देहरादून, भानियावाला ऋषिकेश, काठगोदाम लालकुआं हल्द्वानी बाईपास तथा रुद्रपुर बाईपास जैसी परियोजनाएं राज्य की कनेक्टिविटी को नई गति प्रदान करेंगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से उत्तराखंड के लोगों का सपना रही ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल परियोजना अब पूर्णता की ओर बढ़ रही है। इसके अलावा टनकपुर बागेश्वर रेल लाइन परियोजना को भी केंद्र सरकार की मंजूरी मिल चुकी है। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत प्रदेश के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यकाल में राज्य में हवाई सेवाओं का भी तेजी से विस्तार हुआ है। जॉलीग्रांट, पंतनगर और पिथौरागढ़ हवाई अîóों का विस्तार किया गया है। उड़ान योजना के तहत प्रदेश में 18 हेलीपोर्ट विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें से 12 पर सेवाएं प्रारंभ हो चुकी हैं। राज्य में हेलीपोर्ट और हेलीपैड की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। धामी ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से आध्यात्मिक और धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिली है। पर्वतमाला परियोजना के तहत गौरीकुंड से केदारनाथ तथा गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक रोपवे परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम पुनर्विकास परियोजनाओं के साथ मानसखंड मंदिर माला मिशन भी राज्य की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को सशक्त बनाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि जमरानी, सौंग और लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है, जिससे सिंचाई, पेयजल और ऊर्जा क्षेत्र को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा। किच्छा में एम्स सैटेलाइट सेंटर का कार्य शुरू हो चुका है, जबकि एम्स ऋषिकेश में देश की पहली हेली एम्बुलेंस सेवा भी प्रारंभ की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश आज विकसित भारत के अमृतकाल में प्रवेश कर चुका है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह इस परिवर्तन यात्रा का सहभागी बने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित, आत्मनिर्भर और विश्व का मार्गदर्शन करने वाला राष्ट्र बनाने में अपना योगदान दे।
