Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

चारधाम यात्रा से लौट रही बस पलटी,सात घायल

ऋषिकेश (उद संवाददाता)। बदरीनाथ से हरिद्वार लौट रही यात्रियों से भरी एक बस रविवार शाम बदरीनाथ हाईवे पर शिवपुरी क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सात यात्राी घायल हो गए, जबकि बस में सवार अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंच गई तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।जानकारी के अनुसार बस संख्या यूके 14 पीए 0605 बदरीनाथ से हरिद्वार की ओर जा रही थी। बस जब मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत शिवपुरी स्थित कलथरी डंपिंग प्वाइंट के पास पहुंची तो चलते समय चालक की ओर की खिड़की खुल गई। बताया जा रहा है कि चालक खिड़की को बंद करने का प्रयास कर रहा था, तभी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई और यात्रियों में अफरा तफरी फैल गई।घटना की सूचना मिलते ही थाना मुनिकीरेती पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में घायल सात यात्रियों को 108 एंबुलेंस की मदद से राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश भेजा गया। पुलिस के अनुसार बस में चालक और परिचालक समेत कुल 25 लोग सवार थे। अन्य यात्रियों को मामूली खरोंचें आई हैं और सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। वहीं यात्रियों को दूसरी बस के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।हादसे में घायल यात्रियों में सोनम गुप्ता पुत्री ज्ञानचंद उम्र 28 वर्ष, मुन्नी देवी पत्नी ज्ञानचंद उम्र 56 वर्ष, चंद्र प्रकाश गुप्ता पुत्र रामचरण उम्र 62 वर्ष, संजय चौरसिया पुत्र पन्नालाल उम्र 59 वर्ष, सीता देवी पत्नी राम प्रसाद उम्र 38 वर्ष, कुमारी शबनम पत्नी अभिमन्यु उम्र 32 वर्ष तथा मनीष गिरी उम्र 44 वर्ष शामिल हैं। सभी घायल लखीमपुर खीरी उत्तर प्रदेश के निवासी बताए गए हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *