रुद्रपुर के महापौर की उत्तराखंड में ऐतिहासिक पहल : ‘महापौर जनता के द्वार’ अभियान का शुभारंभ
जनता के बीच पहुंच मौके पर ही निस्तारित हुईं जनसमस्याएं
रुद्रपुर। आम जनता की समस्याओं के समाधान और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा ने उत्तराखंड में एक अभिनव पहल करते हुए ‘महापौर जनता के द्वार’ अभियान का शुभारंभ किया। अभियान की शुरुआत सोमवार को वार्ड संख्या 11, संजय नगर खेड़ा बस्ती स्थित बसंती पूजा मैदान से की गई। महापौर की इस सराहनीय पहल के तहत आयोजित पहले बहुद्देशीय शिविर में नगर निगम सहित विभिन्न विभागों ने एक ही स्थान पर अपनी सेवाएं उपलब्ध कराईं। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे स्थानीय नागरिकों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनमें से कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। महापौर विकास शर्मा ने घोषणा की कि अब प्रत्येक सोमवार को शहर के अलग-अलग वार्डों में इसी प्रकार के बहुद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे, ताकि नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिविर में नगर निगम, विद्युत विभाग, जल संस्थान, श्रम विभाग, समाज कल्याण विभाग, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र शाखा तथा आयुष्मान भारत योजना सहित कई विभागों के अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों पर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही आवेदन और संबंधित सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। महापौर विकास शर्मा, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी शिविर में स्वयं मौजूद रहे और नागरिकों की समस्याएं सुनीं। बिजली, पेयजल, राशन कार्ड, पेंशन, सफाई व्यवस्था सहित अनेक जनसुविधाओं से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। एक शिकायतकर्ता ने अत्यधिक बिजली बिल आने की समस्या रखी, जिस पर महापौर ने विद्युत विभाग की टीम को तत्काल मौके पर जाकर मीटर की जांच करने और समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
जनता से किया वादा निभा रहा हूं: विकास शर्मा
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि चुनाव के दौरान उन्होंने जनता से वादा किया था कि नगर निगम स्वयं उनके द्वार तक पहुंचेगा और समस्याओं का समाधान करेगा। इसी संकल्प को साकार करने के लिए इस अभियान की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल शिकायतों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना भी है। महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आह्वान पर शासन-प्रशासन और संगठन मिलकर योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। नगर निगम इसी दिशा में सरकार और जनता के बीच एक सेतु की भूमिका निभा रहा है महापौर ने कहा कि ट्रिपल इंजन सरकार में रुद्रपुर तेजी से विकास की ओर अग्रसर है और विकास कार्य जनता की प्राथमिकताओं के अनुरूप किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहितों की अनदेखी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे ने कहा कि ‘महापौर जनता के द्वार’ कार्यक्रम जनभावनाओं के सम्मान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग, महिलाएं और जरूरतमंद लोग अक्सर सरकारी कार्यालयों तक नहीं पहुंच पाते, ऐसे में वार्ड स्तर पर आयोजित शिविर उनके लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होंगे। इस अवसर पर नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पियूष रंजन, राजू नबियाल, पार्षद पवन राणा, चिराग कालरा, राधेश शर्मा, नित्तो राय, राजेश पाल, अभिज्ञान राय, सुचित्र सरकार, जितेंद्र कुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
