Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

पुलिस मुठभेड़ में शातिर ढेर: लूटकाण्ड को अंजाम देकर भाग रहे थे बदमाश, दो फरार

थाना प्रभारी पर गोली लगने से घायल
देहरादून । प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात दुस्साहसिक लूट की वारदात के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। इस गोलीबारी में पुलिस ने एक शातिर बदमाश को मार गिराया, जबकि दो अन्य फरार होने में कामयाब रहे। बदमाशों की फायरिंग में प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनके हाथ में दो गोलियां लगी हैं। घटनाक्रम के अनुसार, पौंधा निवासी ठेकेदार देवराज बुधवार रात करीब 10ः30 बजे अपना कामकाज निपटाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पौंधा रोड पर गुजरात नंबर की काले रंग की कार में सवार तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने तमंचे के बल पर देवराज से नकदी और सामान छीनने का प्रयास किया। जब देवराज ने विरोध किया तो बदमाशों ने उन पर गोली चला दी और दो लाख रुपये की नकदी वाला बैग, मोबाइल फोन व अन्य दस्तावेज लूटकर जंगल की ओर भाग निकले। सूचना मिलते ही एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने पूरे जिले में अलर्ट जारी कर नाकेबंदी के निर्देश दिए। प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर पुलिस बल के साथ तत्काल घेराबंदी में जुट गए। चेकिंग के दौरान पुलिस को संदिग्ध कार दिखाई दी, जिसे रुकने का इशारा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की ओर से चली गोलियों में से दो गोली इंस्पेक्टर नरेश राठौर के हाथ में जा लगी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश को तीन गोलियां लगीं और वह वहीं ढेर हो गया। मुठभेड़ का फायदा उठाकर उसके दो अन्य साथी अंधेरे में जंगल की ओर फरार हो गए, जिनमें से एक के घायल होने की संभावना जताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल थाना प्रभारी नरेश राठौर, बदमाश और पीड़ित ठेकेदार देवराज को तत्काल हायर सेंटर रेफर किया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने बदमाश को मृत घोषित कर दिया, जिसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल और एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। पुलिस ने फरार बदमाशों की तलाश में जंगल और आसपास के इलाकों में सघन कांबिंग की। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि फरार आरोपियों के ठिकानों का पता लगाया जा रहा है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मारे गए बदमाश के पास से लूट का कुछ सामान और हथियार बरामद होने की भी सूचना है। फिलहाल पुलिस मृत अपराधी के आपराधिक इतिहास को खंगालने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *