Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सड़कों पर जाम से मुक्ति के लिए अतिक्रमण पर फिर चला निगम का पीला पंजा , मेयर ने दी चेतावनी

– सीएम की घोषणाओं को पूरा करने के लिए सड़कों पर उतरे महापौर
– सड़कों के चौड़ीकरण और मिनी बाईपास के लिए हुआ व्यापक सर्वे

रूद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा रुद्रपुर के कायाकल्प के लिए की गई ऐतिहासिक घोषणाओं को धरातल पर उतारने की कवायद अब तेज हो गई है। शुक्रवार को महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे ने प्रशासन और भारी पुलिस बल के साथ शहर के उन तमाम क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया, जहाँ बड़े विकास कार्य प्रस्तावित हैं। इस दौरान जहाँ एक ओर भविष्य की सड़कों का खाका खींचा गया, वहीं दूसरी ओर विकास की राह में रोड़ा बन रहे अतिक्रमणकारियों के खिलाफ नगर निगम का कड़ा रुख भी देखने को मिला। सड़कों को जाम मुक्त करने की दिशा में नगर निगम ने किच्छा बाईपास और गंगापुर रोड पर बड़ी कार्यवाही करते हुए अवैध खोखे और अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से हटाकर सामान जब्त कर लिया।
   

महापौर विकास शर्मा नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे ने शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग, नगर निगम और पुलिस बल सहित लाव लस्कर के साथ किच्छा बाईपास मार्ग खेड़ा पहुंचे। यहां सड़क पर किये गये अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से हटाया गया। इसके साथ ही गंगापुर रोड पर भी भी अतिक्रमण हटाया गया। टीम ने अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी दी। महापौर ने कहा कि सड़कों पर अतिक्रमण किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। जीरो टॉलरेंस के तहत अतिक्रमण हटाया जायेगा। खेड़ा के बाद महापौर ने संयुक्त टीम के साथ भूरारानी मार्ग और अटरिया चौक से इंदिरा कालोनी तक प्रस्तावित मिनी बाईपास का भी निरीक्षण कर सर्वे किया और अतिक्रमण चिन्हित किये। उन्होंने अधिकारियों को सड़क चौड़ीकरण और नई सड़क के प्रस्तावित कार्य के लिए जल्द प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये।
 निरीक्षण के दौरान महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा रुद्रपुर के विकास के लिए की गई ऐतिहासिक छह घोषणाओं को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। इसी के तहत स्थलीय निरीक्षण और सर्वे किया गया है, कुछ अतिक्रमण हटाने के साथ ही जहां जहां अतिक्रमण है उसे चिन्हित किया गया है और अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी भी दी गयी है। महापौर ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शहर के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण मांगे रखी थी, जिनकी मुख्यमंत्री धामी ने सार्वजनिक घोषणा की थी। मुख्यमंत्री की घोषणाओं को पूरा करने के लिए अब कवायद तेज हो गयी है। जिला प्रशासन ने इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए संबंधित विभागों से तत्काल प्रस्ताव मांगे हैं। इसी लिए व्यापक सर्वे किया गया है इसके बाद प्रस्ताव जिला प्रशासन के माध्यम से शासन को प्रेषित किया जायेगा।महापौर ने बताया कि सीएम की घोषणाओं में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और कनेक्टिविटी को सुधारने के लिए दो बड़ी सड़कों के चौड़ीकरण और एक मिनी बाईपास के निर्माण की योजना है। अटरिया चौक से इंदिरा कॉलोनी तक दशकों से बंद पड़ी सड़क को खोलकर मिनी बाईपास बनाया जाना है इसका निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जाएगा। यह मार्ग शहर के लिए किसी लाइफलाइन से कम नहीं होगा और मुख्य मार्गों पर दबाव कम करेगा। वहीं भूरारानी रोड और गंगापुर रोड के चौड़ीकरण की जिम्मेदारी भी लोनिवि को दी गई है। ये दोनों सड़कें अब डिवाईर युक्त बनेंगी। इससे हजारों की आबादी को जाम से राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *