Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

खड़े ट्रक में जा घुसी कार,महिला की मौत,सात घायल

वाहन को कटर से काटकर निकाला महिला का शव, अन्य हादसे में खाई में गिरने से एक की मौत
टिहरी (उद संवाददाता)। पर्वतीय मार्गों पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार सुबह टिहरी गढ़वाल के कौड़ियाला क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को दहला दिया। यहां एक अनियंत्रित कार सड़क किनारे खड़े सरिया लदे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। इस हृदयविदारक हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हुए हैं। वहीं, एक अन्य घटना में मोरी क्षेत्र में पांव फिसलने से गहरी खाई में गिरकर हिमाचल के एक व्यक्ति की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह लगभग 08ः05 बजे चौकी व्यासी के माध्यम से एसडीआरएफ टीम को सूचना मिली कि कौड़ियाला क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हुआ है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर दृश्य बेहद खौफनाक था- एक भारी ट्रक, जो सरियों से लदा हुआ था, सड़क किनारे खड़ा था। तभी विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और ट्रक में लदे लोहे के सरिए कार को चीरते हुए भीतर तक घुस गए। कार में चालक सहित कुल 8 लोग सवार थे, जिनमें 5 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल थे। इस भीषण टक्कर में धूमा देवी (55 वर्ष), पत्नी स्व- दिलवर सिंह, निवासी ग्राम पुजारगांव, टिहरी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। महिला का शव क्षतिग्रस्त वाहन के मलबे और सरियों के बीच बुरी तरह फंस गया था। एसडीआरएफ की टीम ने कटर की मदद से वाहन को काटकर कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला और सिविल पुलिस के सुपुर्द किया। कार में सवार अन्य सात घायलों को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। गनीमत रही कि अन्य घायलों को सामान्य चोटें आई हैं। एक अन्य दुखद घटना उत्तरकाशी के मोरी क्षेत्र से सामने आई है। सोमवार देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि जखोल से आगे सिरगा मोटर मार्ग पर एक व्यक्ति अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया है। मुख्य आरक्षी सत्येंद्र सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम ने रात के अंधेरे और दुर्गम परिस्थितियों में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। बताया जा रहा है कि पैदल चलते समय पांव फिसलने के कारण व्यक्ति लगभग 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरा था, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। एसडीआरएफ की टीम ने बेहद कठिन परिस्थितियों में खाई में उतरकर शव को बरामद किया और स्ट्रेचर के माध्यम से रोड हेड तक लेकर आई। मृतक की पहचान 41 वर्षीय खेम चंद, निवासी हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *