उत्तराखंड में सियासी हलचल तेज, कई दिग्गज नेताओं ने दिल्ली में थामा कांग्रेस का हाथ
विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा के लिए चुनौती
देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में शनिवार का दिन बड़े बदलावों का गवाह बना। जहां आमतौर पर चुनावी माहौल में नेता भाजपा की ओर रुख करते नजर आते हैं, वहीं इस बार तस्वीर उलट दिखी। राज्य के कई प्रभावशाली नेता भाजपा और अन्य दलों को छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए। इस दौरान गणेश गोदियाल, यशपाल आर्य, पूर्व अध्यक्ष करन माहरा, प्रीतम सिंह, डा. हरक सिंह रावत और तिलक राज बेहड़ सहित उत्तराखंड के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। शनिवार 28 मार्च को कुल छह प्रमुख नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की, जो राज्य की अहम विधानसभा सीटों से जुड़े हुए हैं। इससे साफ संकेत मिलता है कि कांग्रेस ने चुनावी तैयारी अभी से तेज कर दी है। इस राजनीतिक फेरबदल में गढ़वाल मंडल से तीन और कुमाऊं मंडल से तीन नेता शामिल हैं। गढ़वाल क्षेत्र में घनसाली से पूर्व विधायक भीमलाल आर्या, मसूरी से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता और रुड़की से पूर्व मेयर गौरव गोयल कांग्रेस में शामिल हुए। वहीं कुमाऊं क्षेत्र में भीमताल से पूर्व ब्लॉक प्रमुख लाखन सिंह नेगी, सितारगंज से पूर्व विधायक नारायण पाल और रुद्रपुर से पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। इन सभी नेताओं की ज्वाइनिंग दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में कराई गई। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इससे पहले भी कांग्रेस महत्वपूर्ण मुद्दों पर दिल्ली में ही अपनी रणनीति और उपस्थिति दर्ज कराती रही है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इन नेताओं के साथ उनका जनाधार भी कांग्रेस की ओर झुक सकता है, जिससे संबंधित सीटों पर समीकरण बदल सकते हैं। हालांकि भाजपा भी जवाबी रणनीति के लिए जानी जाती है, ऐसे में आने वाले समय में और बड़े राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिल सकते हैं। यह घटनाक्रम ऐसे समय पर हुआ है जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिल्ली दौरे पर हैं और हाल ही में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात भी की थी। ऐसे में इस राजनीतिक बदलाव को आने वाले चुनावी समीकरणों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।







