होटल-रेस्टोरेंट कारोबार प्रभावित: घरेलू गैस के साथ-साथ व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में आई भारी गिरावट
रूद्रपुर। घरेलू गैस के साथ-साथ व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में आई भारी गिरावट ने व्यापार जगत की कमर तोड़कर रख दी है। कुमाऊं क्षेत्र के होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे और छोटे भोजनालयों के सामने गैस का संकट खड़ा हो गया है। गैस एजेंसियों के पास कमर्शियल सिलेंडरों का स्टॉक बेहद सीमित हो गया है, जिससे होटल संचालकों को उनकी दैनिक जरूरत के मुताबिक ईंधन नहीं मिल पा रहा है। वर्तमान में शादी-ब्याह और बड़े आयोजनों का सीजन होने के कारण गैस की मांग चरम पर है, लेकिन आपूर्ति बाधित होने से कैटरर्स और टेंट संचालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उत्तराखंड जैसे पर्यटन प्रधान राज्य के लिए यह स्थिति और भी घातक सिद्ध हो रही है क्योंकि यदि होटल और रेस्टोरेंट समय पर भोजन उपलब्ध नहीं करा पाएंगे, तो इसका सीधा नकारात्मक असर देवभूमि आने वाले पर्यटकों पर पड़ेगा। व्यापारियों का स्पष्ट कहना है कि यदि सरकार ने जल्द ही कमर्शियल आपूर्ति को सुचारू नहीं किया, तो इस महंगाई के दौर में हजारों लोगों का रोजगार छिनना लगभग तय है।
प्रशासन ने की अफवाहों से बचने की अपील
रूद्रपुर। प्रशासन और गैस वितरकों ने इस चुनौतीपूर्ण समय में आम जनता से धैर्य रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि गैस की गाड़ियों की आवक में तकनीकी देरी जरूर हो रही है, लेकिन आपूर्ति को पूरी तरह बंद नहीं किया गया है। प्रशासन ने लोगों से आग्रह किया है कि वे घबराकर गैस का अनावश्यक भंडारण न करें और ईधन का उपयोग अत्यंत संयमित ढंग से करें। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए विभाग अब उन तत्वों पर भी कड़ी नजर रख रहा है जो इस आपदा को अवसर में बदलकर अवैध मुनाफाखोरी और कालाबाजारी करने का प्रयास कर रहे हैं।
