देह व्यापार कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़
बंधक बनाई गई लापता पीड़िता बरामद, दो महिलाओं सहित चार गिरफ्तार
काशीपुर (उद संवाददाता)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में आईटीआई पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म करने और उससे अनैतिक व्यापार कराने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं सहित चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। मई 2025 से लापता चल रही नाबालिग को पुलिस ने अभियुक्तों के चंगुल से सकुशल बरामद कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की नई धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत गंभीर मुकदमा दर्ज किया गया है।मामले के विवरण के अनुसार 3 मार्च 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि पिछले वर्ष मई माह से लापता एक नाबालिग को हरियावाला क्षेत्र में बंधक बनाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कोतवाली आईटीआई ने टीम गठित कर तत्काल हरियावाला स्थित जाहिद के आवास पर छापेमारी की। पुलिस ने मौके से नाबालिग पीड़िता को बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में यह खौफनाक तथ्य सामने आया कि अभियुक्तों ने नाबालिग को लंबे समय से बंधक बनाकर रखा था और उससे जबरन अनैतिक देह व्यापार करवाया जा रहा था।पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि होने पर पुलिस ने एफआईआर संख्या 63/2026 के तहत धारा 65(1), 140(3), 143(1), 127(2) बीएनएस एवं 5/6 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में जाहिद, शिवम, शोभा और सोमा शामिल हैं। पुलिस द्वारा इस गिरोह से जुड़े अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
