मंदिर के गेट के सामने मांस मिलने पर हंगामा
सीसीटीवी से हुआ खुलासा,शांति व्यवस्था के लिए पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च
किच्छा (उद संवाददाता)। किच्छा में एमपी चौक के पास हनुमान मंदिर के गेट के सामने मांस के टुकड़े मिलने पर हिंदूवादी संगठनों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस द्वारा घटना को तुरंत संज्ञान लेते हुए मौके पर फोर्स लगाकर स्थिति को नियंत्रित किया गया और विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिससे स्थिति साफ हुई। सीसीटीवी फुटेज में पाया गया कि एक कुत्ता कहीं से मांस खाकर आया था और मंदिर गेट के सामने उल्टी कर रहा था, जिसमें मांस के टुकड़े थे। शहर के धार्मिक स्थल के सामने रविवार रात को हुई इस घटना के बाद बवाल हो गया। सूचना फैलते ही कुछ संगठनों के लोग मौके पर जुट गए और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालात बिगड़ने पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात करनी पड़ी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जारी कर बताया है कि कुत्ता कहीं से मांस वहां पर लाया था। मांस का सैंपल जांच के लिए भेजा जा रहा है। घटना की सूचना पर कोतवाली प्रभारी प्रकाश सिंह धुन, उप निरीक्षक जगदीश महल, पुलभट्टा इंचार्ज प्रदीप मिश्रा सहित आसपास की पुलिस को हनुमान मंदिर के पास बुला लिया गया। क्षेत्रधिकारी भूपेंद्र सिंह धोनी ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते हुए हंगामा कर रहे हिंदूवादी संगठनों से धैर्य बनाए रखने की अपील की, जिस पर तमाम लोग सहमत हो गए, किंतु कुछ लोगों द्वारा असहमति व्यक्त कर दी गई। सीसीटीवी फुटेज में वास्तविकता की जानकारी होने पर तमाम हिंदूवादी संगठन मंदिर प्रांगण की साफ सफाई कर वापस चले गए, किंतु कुछ लोगों द्वारा नाराजगी व्यक्त करने पर क्षेत्रधिकारी भूपेंद्र सिंह द्वारा सख्ती से पेश आने की तथा कानूनी कार्रवाई करने की हिदायत देने के बाद नाराजगी व्यक्त कर रहे लोग भी घटनास्थल से चले गए। क्षेत्रधिकारी भूपेंद्र सिंह धोनी ने बताया कि घटना की जानकारी होते ही समस्त पुलिस बल मौके पर पहुंच गया तथा मांस के टुकड़ों को हटाया गया और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज सामने आने पर पाया गया कि एक कुत्ता कहीं से चलकर मंदिर गेट के सामने आया तथा वहां उल्टी करने लगा, जिसमें उसने खाया हुआ मांस उल्टी कर दिया, जो कि सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया। क्षेत्रधिकारी भूपेंद्र सिंह ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी घटना की सत्यता को जाने बगैर उत्तेजना न फैलाएं तथा धैर्य रखें। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के द्वारा सत्यता सामने आने पर भी हंगामा करने का प्रयास किया गया है, उन लोगों पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी तथा माहौल खराब करने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन सभी लोगों को चिन्हित किया जा रहा है जो सत्यता आने के बाद भी हंगामा कर रहे थे, उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा। किच्छा में पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए इलाके में फ्लैग मार्च किया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
