सामूहिक दुष्कर्म मामले में देवर ही निकला गुनहगार : तीन आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी चाईना ने खाया जहर
रुद्रपुर (उद संवाददाता)। सरस मेले से लौट रही महिला के साथ गैंगरेप के बहुचर्चित मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में पीड़ित महिला के देवर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक आरोपी ने जहर खा लिया था, उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। एसएसपी अजय गणपति ने प्रेस वार्ता में बताया कि बीती 22 फरवरी की रात लगभग 9 बजे, पीड़िता अपने देवर करन के साथ गांधी पार्क में आयोजित ‘सरस मेले’ से पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान मोदी मैदान के पास करन के तीन परिचित युवक राजा रस्तोगी, विशाल और अभय सक्सेना उर्फ चाईना दो मोटरसाइकिलों से वहां पहुंचे। आरोपी चाईना, करन और पीड़िता को बाइक पर बैठाकर ठंडी सड़क स्थित 15 एकड़ मैदान में ले गया। वहां पीछे-पीछे विशाल और राजा रस्तोगी भी पहुंच गए। पुलिस के अनुसार, सुनसान स्थान पर सबसे पहले अभय सक्सेना उर्फ चाईना ने महिला के साथ बलात्कार किया, जिसके बाद राजा रस्तोगी ने भी उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। शर्मनाक बात यह रही कि पीड़िता का सगा देवर करन और उसका साथी विशाल मौके पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने इस हैवानियत को रोकने के बजाय आरोपियों का साथ दिया। आरोप है कि इस घिनौनी करतूत का वीडियो भी बनाया गया। घटना के बाद पीड़िता ने 24 फरवरी को कोतवाली रुद्रपुर में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने तत्काल धारा 351(3), 70(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया। महिला संबंधी इस जघन्य अपराध को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अजय गणपति ने एसपी सिटी, एसपी अपराध और सीओ रुद्रपुर के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस टीमों ने पूरी रात संभावित ठिकानों पर दबिश दी और वैज्ञानिक साक्ष्यों व सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने जिला अस्पताल के पास से तीन आरोपियों को स्प्लेंडर मोटरसाइकिल यूके 06बी0587 सहित दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपिया में पीड़िता का देवर करन सिंह उम्र 19 वर्ष, निवासी भदईपुरा, राजा रस्तोगी उम्र 28 वर्ष, निवासी वार्ड नं- 18, रुद्रपुर, विशाल गुप्ता उर्फ बिट्टðू उम्र 25 वर्ष, निवासी भदईपुरा शामिल हैं। प्रकरण का मुख्य आरोपी अभय सक्सेना उर्फ चाईना गिरफ्तारी के डर से 24 फरवरी को ही कोई विषाक्त पदार्थ (जहर) गटक गया। वर्तमान में उसका उपचार पुलिस निगरानी में जिला अस्पताल रुद्रपुर में चल रहा है। एसएसपी ने बताया कि डॉक्टर से अनुमति मिलते ही उसे भी विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। पुलिस ने विवेचना के दौरान मामले में धारा 3(5) और 115(2) ठछै की वृद्धि भी की है। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने के लिए न्यायालय में सशक्त पैरवी की जाएगी।
