February 26, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

नंदा गौरा योजना : 33,251बेटियों के खातों में पहुंचे 145.93 करोड़

देहरादून/रूद्रपुर (उद संवाददाता)। उत्तराखंड सरकार ने बेटियों के सशक्तिकरण और उनके स्वावलंबन की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए नंदा गौरा योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 145.93 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीबीटी के माध्यम से प्रदेश की 33,251 बालिकाओं के बैंक खातों में यह राशि सीधे हस्तांतरित की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लाभार्थियों को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि नंदा गौरा योजना महज एक आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि समाज की सोच बदलने का एक सशक्त अभियान है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बेटियों का सम्मान ही राज्य की असली प्रगति है और राज्य सरकार का उद्देश्य बेटी के जन्म से लेकर उसकी उच्च शिक्षा तक हर चरण में उसके साथ खड़ा होना है। पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए ही धनराशि सीधे खातों में भेजी जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि यह योजना बेटियों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा प्रदान कर रही है, जो समाज में लैंगिक असमानता को दूर करने और कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता का परिणाम है। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने योजना की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि वर्ष 2017 से संचालित यह योजना बालिका जन्म को प्रोत्साहित करने, संस्थागत प्रसव बढ़ाने और बाल विवाह जैसी कुरीतियों पर रोक लगाने में अत्यधिक प्रभावी साबित हुई है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत बालिका के जन्म पर 11,000 रुपये तथा 12वीं उत्तीर्ण कर उच्च शिक्षा में प्रवेश लेने पर 51,000 रुपये की सहायता दी जाती है, जिससे बेटियां आत्मनिर्भर बन सकें और अपने सपनों को साकार कर सकें। रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार बेटियों के हर कदम पर उनके साथ खड़ी है। विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष जन्म पर 5,913 और 12वीं उत्तीर्ण करने पर 27,338 बालिकाओं को लाभ मिला है। प्रदेश भर में ऊधमसिंहनगर जिला सबसे आगे रहा, जहाँ 1,372 जन्म लाभार्थी और 4,772 इंटर पास लाभार्थी दर्ज किए गए। इसके अलावा नैनीताल में 1,012 जन्म व 3,196 इंटर पास, अल्मोड़ा में 643 जन्म व 2,963 इंटर पास, देहरादून में 678 जन्म व 2,637 इंटर पास, तथा टिहरी में 485 जन्म व 2,775 इंटर पास बेटियों को योजना का लाभ मिला है। बागेश्वर, चमोली, चम्पावत, पौड़ी, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जिलों में भी सैकड़ों बेटियों के खातों में सहायता राशि भेजी गई है। इस अवसर पर विभागीय निदेशक बंसीलाल राणा, उपनिदेशक मोहित चौधरी, नोडल अधिकारी उदय प्रताप सिंह सहित जितेंद्र कुमार, नीतू फुलेरा, शिखा कंडवाल, शिवप्रसाद भट्टð और सुरेंद्र सिंह चौहान आदि अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *