पीपल पोखरा-पनियाली में आदमखोर का आतंकः दो महिलाओं की दर्दनाक मौत डीएम ने डीएफओ से मांगी रिपोर्ट
हल्द्वानी । पीपल पोखरा एवं पनियाली क्षेत्र में आदमखोर वन्यजीव के हमलों में दो महिलाओं की दर्दनाक मौत के बाद जिलाधिकारी नैनीताल ने कड़ा रुख अपनाया है। क्षेत्र में व्याप्त जनाक्रोश और दहशत के बीच जिलाधिकारी ने रामनगर के प्रभागीय वनाधिकारी ;डीएफओद्ध को तत्काल प्रभाव से कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा के मामले में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने आदमखोर की निरंतर ट्रैकिंग के लिए ट्रैप कैमरा, ड्रोन और थर्मल तकनीक का उपयोग करने के साथ ही विशेषज्ञों की मौजूदगी में ट्रेंकुलाइज या कैप्चर अभियान चलाने को कहा है। साथ ही जरूरत पड़ने पर शूटर की तैनाती हेतु उच्च स्तर से अनुमति लेने के भी निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने वन क्षेत्रों से लगे गांवों में दिन-रात गश्त बढ़ाने, क्यूआरटी तैनात करने और ग्रामीणों, महिलाओं व स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा के विशेष प्रबंध अनिवार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुनादी के जरिए लोगों को अलर्ट किया जाए और रात में अनावश्यक आवाजाही पर रोक लगाने के लिए राजस्व व पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने पहली घटना के बाद अब तक हुई कार्यवाही की आख्या तलब करते हुए डीएफओ को लापरवाही पर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश भी दिए। प्रशासनिक स्तर पर राजस्व, पुलिस और वन विभाग का एक संयुक्त कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है, जो प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट देगा। जिलाधिकारी ने मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत राशि वितरित करने और दीर्घकालिक समाधान के रूप में सोलर फेंसिंग व चेतावनी तंत्र की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश जारी किए हैं।
