गदरपुर में गरमाई सियासतः बिना सूचना पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, आधे घंटे इंतजार के बाद पहुंचे विधायक
गूलरभोज/गदरपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का बुधवार को गूलरभोज स्थित विधायक अरविंद पांडे के आवास पर बिना पूर्व सूचना के पहुंचना और लगभग आधा घंटा प्रतीक्षा करना क्षेत्रीय राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है। बुधवार को दोपहर प्रदेश अध्यक्ष के पहुंचने पर विधायक आवास पर मौजूद कार्यकर्ताओं और विधायक पुत्र अतुल पांडे ने उनका जोरदार स्वागत किया। उनके आगमन की सूचना मिलते ही आसपास के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और स्वागत का सिलसिला चलता रहा। करीब आधे घंटे बाद विधायक अरविंद पांडे आवास पहुंचे। उनके पहुंचते ही उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया, पुष्पमालाओं से अभिनंदन कर सम्मान व्यक्त किया और दोनों नेताओं के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल में मुलाकात हुई। प्रदेश अध्यक्ष का यह अप्रत्याशित दौरा और प्रतीक्षा का घटनाक्रम क्षेत्र में विभिन्न राजनीतिक अर्थों में देखा जा रहा है। पिछले कुछ समय से स्थानीय स्तर पर चल रही बयानबाजी और प्रशासनिक मुद्दों को लेकर विधायक के रुख की चर्चा के बीच इस मुलाकात को संगठनात्मक समन्वय की पहल माना जा रहा है। स्थानीय राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह दौरा संगठन में संवाद और एकजुटता का संदेश देने के उद्देश्य से किया गया हो सकता है। वहीं आधे घंटे के इंतजार को लेकर भी चर्चाओं का बाजार गर्म है और इसे बदलते राजनीतिक समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष के अचानक आगमन से कार्यकर्ताओं में उत्सुकता और उत्साह दोनों देखने को मिला। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन की सक्रियता और नेतृत्व की पहुंच का संकेत बताया। हालांकि आधिकारिक रूप से इसे शिष्टाचार भेंट और संगठनात्मक संवाद का हिस्सा बताया जा रहा है, लेकिन क्षेत्रीय राजनीति में इस घटनाक्रम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आने वाले दिनों में यह स्पष्ट होगा कि इस मुलाकात के बाद स्थानीय स्तर पर चल रही बयानबाजी और राजनीतिक खींचतान पर कितना प्रभाव पड़ता है।
