February 24, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल से मिले सीएम: नमामि गंगे के अंतर्गत 408.82 करोड़ की परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने का किया अनुरोध

नई दिल्ली/देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले महाकुंभ की तैयारियों और नमामि गंगे से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने हरिद्वार कुंभ 2027 के सफल, सुव्यवस्थित और पर्यावरणीय दृष्टि से सुरक्षित आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन ;एनएमसीजीद्ध के तहत 408.82 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को जल्द मंजूरी देने का आग्रह किया।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जनवरी से अप्रैल 2027 तक चलने वाले इस महाआयोजन में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसे देखते हुए गंगा की निर्मलता, स्वच्छता और अविरलता बनाए रखना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए 253 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को स्वीकृति देने और जल जीवन मिशन के तहत अतिरिक्त धनराशि जारी करने की मांग भी रखी।इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने इकबालपुर नहर प्रणाली, कनखल और जगजीतपुर नहर की क्षमता विस्तार का अनुरोध करते हुए बताया कि इससे असिंचित भूमि की सिंचाई के लिए 665 क्यूसेक पानी उपलब्ध हो सकेगा। इस परियोजना से हरिद्वार जिले के भगवानपुर और लक्सर क्षेत्र की लगभग 13 हजार हेक्टेयर भूमि को सिंचाई की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में पेयजल समस्या का भी समाधान होगा। पुष्कर सिंह धामी ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र के सहयोग से हरिद्वार कुंभ 2027 को दिव्य, भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *