मुख्य सचिव ने दी खेल, पर्यटन और बुनियादी ढांचे की बड़ी योजनाओं को मंजूरी
देहरादून। सचिवालय में मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में संपन्न हुई व्यय वित्त समिति की बैठक में राज्य के विभिन्न जनपदों के लिए महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई। इस बैठक में खेल, पर्यटन, कारागार और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई योजनाओं को हरी झंडी दिखाई गई। बैठक में मुख्यमंत्री की घोषणाओं के तहत जनपद चंपावत मुख्यालय स्थित गोरलचौड़ मैदान में स्टेडियम निर्माण और गोलज्यू कॉरिडोर परियोजना के अंतर्गत गोलू देवता कॉरिडोर के निर्माण कार्य को मंजूरी प्रदान की गई। बैठक के दौरान देहरादून जनपद के आमवाला तरला क्षेत्र में रिंग फेसिंग कार्यक्रम के तहत 1788.34 लाख रुपये की लागत वाली सीवरेज परियोजना को भी स्वीकृति मिली। इसके अतिरिक्त केंद्रीय कारागार सितारगंज के विस्तार कार्य के लिए 3814.72 लाख रुपये की धनराशि मंजूर की गई। हल्द्वानी के गौलापार में प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय के प्रशासनिक एवं एकेडमिक भवन और 100 बेड की क्षमता वाले छात्रावास के निर्माण के लिए 2679.37 लाख रुपये की योजना को भी अनुमोदित किया गया। मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने चंपावत में गोल्जयु मंदिर के पास लोक निर्माण विभाग और पशुपालन विभाग की भूमि पर पर्यटन सुविधाओं के विकास के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोलज्ज्यू देवता कॉरिडोर का प्रस्ताव मंदिर को केंद्र में रखकर तैयार किया जाए, जिसमें स्थानीय और कुमाऊं की पारंपरिक संस्कृति की झलक अनिवार्य रूप से दिखाई दे। उन्होंने मंदिर के आसपास नैसर्गिक विकास से संबंधित निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। इस महत्वपूर्ण बैठक में विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, दिलीप जावलकर, एस.ए. मुरुगेसन, रणवीर सिंह चौहान, धीरज गर्ब्याल और संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
