February 24, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

लाखों की चोरी का खुलासा,शातिर चोर गिरफ्तार

रुद्रपुर (उद संवाददाता)। कोतवाली रुद्रपुर की रम्पुरा चौकी पुलिस ने प्रीत विहार कॉलोनी में हुई लाखों की चोरी का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी पूर्व में चोरी के मामले में पांच वर्ष की जेल की सजा भी काट चुका है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी के जेवरात और नगदी बरामद कर ली है। जानकारी के अनुसार, बीती 25 जनवरी को प्रीत विहार निवासी शैलेश तिवारी के बंद मकान से अज्ञात चोरों ने हजारों की नगदी और लाखों के जेवरात पार कर दिए थे। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना रम्पुरा चौकी प्रभारी कविंद्र शर्मा को सौंपी गई थी। एसएसआई केसी आर्या ने बताया कि खुलासे के लिए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। शनिवार शाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध युवक मोदी मैदान में मौजूद है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पवन शर्मा पुत्र स्व- ओमप्रकाश शर्मा, निवासी रविंद्र नगर (ट्रांजिट कैंप) बताया। तलाशी और पूछताछ के दौरान उसने प्रीत विहार में चोरी की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के पास से एक जोड़ी सोने की कान की बाली, एक जोड़ी चांदी की पायल, एक पुराना कीपैड फोन और चोरी के पैसों से खरीदा गया एक नया पोको कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया। इसके अलावा चोरी का माल बेचकर जमा किए गए 84 हजार रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार पवन शर्मा के खिलाफ पूर्व में चोरी और एनडीपीएस के कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी टीम में चौकी प्रभारी कवींद्र शर्मा, एएसआई नवीन जोशी और महेंद्र कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *