जंगली हाथी का तांडव,आबादी क्षेत्र में घुसकर जमकर उत्पात मचाया
हरिद्वार (उद संवाददाता)। धर्मनगरी के जगजीतपुर क्षेत्र में देर रात एक जंगली हाथी ने आबादी क्षेत्र में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने एक घर के बाहर खड़ी स्कूटी को अपनी सूंड और पैरों से पटक-पटक कर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। जानकारी के अनुसार, जब लोग अपने घरों में सो रहे थे, तभी जंगल की ओर से भटककर एक हाथी कॉलोनी में दािखल हो गया। हाथी को देखकर क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। जगजीतपुर स्थित एक मकान के बाहर पहुंची इस गजराज की टोली के सदस्य ने वहां खड़ी स्कूटी को निशाना बनाया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हाथी ने पहले सूंड से स्कूटी को उठाने की कोशिश की और फिर उसे जमीन पर पटक दिया, जिससे वाहन चकनाचूर हो गया। गनीमत रही कि उस समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। कुछ देर उत्पात मचाने के बाद हाथी स्वयं ही आगे निकल गया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि हरिद्वार के रिहायशी इलाकों में हाथियों का आना अब रोज की बात हो गई है। हाथी न केवल फसलों को बर्बाद कर रहे हैं, बल्कि अब वाहनों और संपत्ति को भी नुकसान पहुँचा रहे हैं। लोगों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने की पुरजोर मांग की है। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा। उन्होंने बताया कि हाथियों की इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए शासन को हाथी रोधी दीवार बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है। अनुमति मिलते ही बैरागी कैंप से लेकर अजीतपुर तक दीवार का निर्माण शुरू कराया जाएगा ।
