यूटिलिटी नदी में गिरी,वाहन सहित दो लोग लापता
देवप्रयाग (उद संवाददाता)। देवप्रयाग क्षेत्र में शुक्रवार सुबह सब्जी लेकर कर्णप्रयाग जा रही एक यूटिलिटी अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। वाहन के साथ उसमें सवार दो लोग भी लापता हो गए हैं, जिनकी तलाश में एसडी आरएफ और स्थानीय पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और तत्काल रेस्क्यू टीमें मौके पर भेजी गईं।जानकारी के अनुसार, हरिद्वार निवासी अरशद द्वारा पुलिस को वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना दी गई थी। बताया जा रहा है कि वाहन संख्या यूके 11सीए 2034 में दो युवक सवार थे। इनमें वाहन स्वामी अमन नेगी (28 वर्ष), निवासी ग्राम पलेटी, कर्णप्रयाग और अयान (19 वर्ष), निवासी ग्राम रोखेड़ी, नजीबाबाद (बिजनौर) शामिल हैं। ये दोनों ऋषिकेश से सब्जी लादकर कर्णप्रयाग की ओर जा रहे थे, तभी देवप्रयाग के पास वाहन अनियंत्रित होकर खाई में समा गया। दुर्घटनास्थल पर चले रेस्क्यू अभियान के दौरान टीम को एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। शिनाख्त करने पर पता चला कि यह मोबाइल लापता अयान का है। पुलिस ने तत्काल अयान के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है, जिसके बाद उनके घर में कोहराम मच गया है। हालांकि, अभी तक न तो वाहन का सुराग मिल पाया है और न ही दोनों युवकों का कुछ पता चल सका है। एसडीआरएफ की टीम नदी किनारे और खाई के दुर्गम रास्तों पर लापता लोगों की तलाश कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सर्च ऑपरेशन जारी है ।
