सहसपुर की जनता को करोड़ों की योजनाओं की सौगात
सीएम धामी ने किया सड़क चौड़ीकरण का शिलान्यास
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मिट्टीबेरी -परवल मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और सहसपुर की जनता को करोड़ों की योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने कहा कि सड़कों का यह जाल न केवल आवागमन सुगम बनाएगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती प्रदान करेगा।अपने संबोधन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य सरकार की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ष्हमारी सरकार विकल्प रहित संकल्प के साथ काम कर रही है। हमारा एकमात्र लक्ष्य उत्तराखंड को देश का अग्रणी और सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में चल रही डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि आज उत्तराखंड के दूरस्थ गांवों तक विकास पहुंच रहा है। सीएम ने कहा कि मिट्टीबेरी-परवल मार्ग का चौड़ीकरण स्थानीय निवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जिसे आज धरातल पर उतारा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने सहसपुर की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिलान्यास किए गए कार्यों को गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। सीएम ने महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य का भविष्य हमारी मातृशक्ति और युवा पीढ़ी के हाथों में सुरक्षित है। जनसभा में उमड़ी भारी भीड़ ने धामी भाई जिंदाबाद के नारों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया, जहाँ स्थानीय विधायक और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे
