February 11, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बड़ा हादसा टाला: ओवरलोड गन्ने का ट्रक पलटने से दो युवक दबे,जन सहयोग से बची जान

सितारगंज। बिजटी चौक पर ओवरलोड गन्ने का ट्रक पलट गया। गन्ने के नीचे बाइक सवार दो युवकों के दबे होने की सूचना से हड़कंप मच गया। पुलिस प्रशासन और क्षेत्र के लोगों की मदद से दोनों युवकों को बाहर निकालकर घायलावस्था में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। शनिवार दोपहर बाद करीब तीन बजे खटीमा मार्ग की ओर से गन्ने का एक ओवरलोड ट्रक बिजटी चौक की ओर आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिजटी चौक से पहले ट्रक का पीछे का एक टायर फट गया, लेकिन चालक ट्रक को चलाता रहा। अत्यधिक लोड होने के कारण बीच चौराहे पर दूसरा टायर भी फटने से ट्रक अंसतुलित होकर बिजटी मार्ग की ओर जाकर पलट गया। इससे गन्ना सड़क पर गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों को ट्रक और गन्ने के नीचे वाहनों के दबने की आशंका हुई। सूचना मिलते ही कोतवाल सुंदरम शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान जेसीबी मशीनों और क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने गन्ना हटाना शुरू किया। इस दौरान हाइड्रा क्रेन से ट्रक को हटाया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद गन्ने के नीचे दबे दो युवकों को घायलावस्था में बाहर निकाला। पालिकाध्यक्ष सुखेदव सिंह, ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल समेत क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी बचाव में जुटे रहे। बताया जा रहा है कि बाइक सवार छिटक कर गन्ने के नीचे दब गए, जबकि बाइक ट्रक के नीचे दब गई। घायलों की पहचान 18 वर्षीय मो. हसन पुत्र फरुद्दीन और 18 वर्षीय मतीन पुत्र अनीस खान निवासी बघौरी के रूप में हुई। गन्ने का ट्रक पलटने से बगौरी के हसन और मतीन नीचे दब गए।पुलिस और जनसहयोग से दोनों को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में उनके चोटें लगी हैं। दोनों का उपचार चल रहा हैं। और सुरक्षित बाहर निकलते ही उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया। यहां होश आने पर दोनों की आंखों में नमी आ गई और जुबां पर खुदा का शुक्रिया था। उन्होंने भावुक होकर कहा- आज उन्होंने मौत को बेहद करीब से देखा है। एक पल को लगा कि सब खत्म हो गया, लेकिन शायद उनके किसी नेक काम या बड़ों की दुआओं की वजह से मैं बच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *