February 11, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

हॉस्टल में फंदे से लटकी मिली एमबीबीएस छात्रा

देहरादून (उद संवाददाता)। जौलीग्रांट स्थित एक प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस प्रथम वर्ष की छात्रा का शव हॉस्टल के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। छात्रा का शव पंखे से लटका हुआ पाया गया, जिसके बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जौलीग्रांट चौकी प्रभारी ईश्वर सिंह सैनी के अनुसार, मृतक छात्रा (19 वर्ष) मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर की रहने वाली थी। बीते दिन जब छात्रा काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं आई और सहपाठियों द्वारा बुलाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला, तो अनहोनी की आशंका हुई। जब कमरे के भीतर देखा गया तो छात्रा फंदे से लटकी हुई मिली। कॉलेज प्रशासन ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। सीओ सदर विवेक कुटियाल ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच और अन्य छात्रा-छात्राओं से की गई पूछताछ में यह बात सामने आई है कि संभवतः किसी छात्रा के साथ हुए विवाद के चलते छात्रा मानसिक तनाव में थी और इसी कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा। हालांकि, पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने मृतका के परिजनों को मुजफ्फरनगर सूचित कर दिया है, जिनके देहरादून पहुंचने के बाद ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छात्रा के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट्स की गहनता से जांच की जा रही है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल, इस दुखद घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और यूनिवर्सिटी परिसर में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *