February 4, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

जेल से रिहा हुए भाजपा नेता जोशी का जोरदार स्वागत

रामनगर। छोई हिंसा प्रकरण में करीब दो माह से जेल में निरुद्ध भाजपा नेता मदन जोशी को जमानत मिलने के बाद आज रिहा कर दिया गया। रामनगर पहुंचने पर उनके समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और आतिशबाजी के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मदन जोशी ने न्याय पालिका के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपनी रिहाई को सत्य की जीत बताया। उल्लेखनीय है कि बीते 23 अक्टूबर को रामनगर के छोई क्षेत्र में बरेली से मांस लेकर आ रहे वाहन चालक नासिर हुसैन के साथ भीड़ द्वारा मारपीट और वाहन में तोड़फोड़ की गई थी। इस घटना में नासिर गंभीर रूप से घायल हो गया था। चालक की पत्नी नूरजहां की तहरीर पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए करीब 15 लोगों को गिरफ्तार किया था, जिसमें भाजपा नेता मदन जोशी को मुख्य आरोपी के रूप में नामजद किया गया था। पुलिस ने जांच पूरी कर इस मामले में चार्जशीट भी दािखल कर दी है। जानकारी के अनुसार अब तक इस प्रकरण में मदन जोशी सहित छह आरोपियों को जमानत मिल चुकी है।रिहाई के बाद कार्यकर्ताओं से घिरे मदन जोशी ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि उन्हें देश की न्याय व्यवस्था पर शुरू से ही पूर्ण विश्वास था। उन्होंने अपनी रिहाई को हिंदुत्व की जीत करार देते हुए मुख्यमंत्री का भी आभार व्यक्त किया। स्वागत कार्यक्रम में भाजपा मंडल के चारों अध्यक्षों की अनुपस्थिति पर उठे सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों के कारण सभी पदाधिकारी अपने-अपने सांगठनिक कार्यों और क्षेत्रें में व्यस्त हैं, इसलिए उनकी अनुपस्थिति का कोई अन्य अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिए। फिलहाल इस हाई प्रोफाइल मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है और अन्य आरोपियों की जमानत पर भी नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *