February 12, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

अल्मोड़ा में मुख्यमंत्री ने सांसद खेल महोत्सव का किया शुभारम्भ

जोरदार रोड शो के बाद जन-जन की सरकार कार्यक्रम में भी किया प्रतिभाग
अल्मोड़ा(उद संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अल्मोड़ा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने हेमंवती नंदन बहुगुणा खेल मैदान में आयोजित सांसद खेल महोत्सव का शुभारम्भ किया, जहाँ युवाओं और बच्चों में खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि खेल न केवल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए आवश्यक हैं, बल्कि यह अनुशासन, टीम वर्क और समर्पण की भावना भी सिखाते हैं। भाजपा सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दे रही है और खेल महोत्सव इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हम चाहते हैं कि हर बच्चा अपने शारीरिक एवं मानसिक कौशल को निखारे और राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रदेश और देश का नाम रोशन करे। इसके बाद मुख्यमंत्री ताड़ीखेत पहुँचे और जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने शिशु विद्या मंदिर के बच्चों के साथ संवाद किया, जहाँ बच्चों ने मुख्यमंत्री से अपनी पढ़ाई, खेल और अन्य समस्याओं को साझा किया। सीएम धामी ने इस दौरान कहा भाजपा सरकार हमेशा जनता की सहयोगी रही है। हमारा प्रयास है कि प्रदेश के नागरिकों तक योजनाओं का लाभ शीघ्र और पारदर्शी तरीके से पहुंचे। इसके लिए हम 45 दिन तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में शिविर आयोजित कर रहे हैं, जिसमें 23 विभागों की सुविधाएं एक साथ जनता को उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस पहल से आम नागरिक अपने अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी सीधे प्राप्त कर सकेंगे और शिकायतों का त्वरित निस्तारण होगा। इससे पहले सीएम धामी ने ताड़ीखेत में जोरदार रोड शो भी निकाला, जिसमें विभिन्न स्थानों पर सीएम का स्वागत करने के लिए हजारों लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री का उत्साहपूर्वक स्वागत किया और उनके नेतृत्व में प्रदेश विकास की उम्मीदों को साझा किया। इस अवसर पर सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा सहित प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *