February 12, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

भवाली- कैंचीधाम मार्ग पर स्कार्पिओ खाई में गिरने से 3 की मौत,5 गंभीर

भवाली(उद संवाददाता)। गुरूवार सुबह भवाली- कैंचीधाम मार्ग पर कैंचीधाम के समीप शिप्रा नदी के पास एक स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में एक युवती और दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरूवार बरेली से कुछ पर्यटक स्कार्पिओ वाहन में सवार होकर कैंची धाम की ओर जा रहे थे, इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। सुबह करीब 9ः30 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि भवाली से कैंचीधाम की ओर जा रही ब्लैक कलर की स्कॉर्पियो, कैंचीधाम से लगभग एक किलोमीटर आगे शिप्रा नदी के पास खाई में गिर गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों के साथ टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाया। रेस्क्यू के दौरान वाहन में सवार कुल आठ लोग घायल अवस्था में पाए गए। हादसे के शिकार ऋषि पटेल (7) पुत्र राहुल पटेल निवासी बरेली एयरपोर्ट एयरफोर्स पीलीभीत रोड, इज्जतनगर, स्वाति (20) पुत्री भूपराम, अक्षय (20) पुत्र चंदन सिंह पटेल, ज्योति (25) पत्नी करन निवासी, करन (25) पुत्र जितेंद्र, राहुल पटेल (35) पुत्र भूपराम, गंगा देवी (56) पत्नी भूपराम, बृजेश कुमारी (26) पुत्री राहुल पटेल और नैंसी गंगवार (24) पुत्री जयपाल सिंह को सीएचसी भवाली पहुंचाया गया। घटना में 56 वर्षीय गंगा देवी, 26 वर्षीय बृजेश कुमारी और 24 वर्षीय नैंसी गंगवार को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल पांच अन्य लोगों को हल्द्वानी हायर सेंटर रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन अनियंत्रित होकर सीधे खाई में गिर गया, लेकिन घटना के सही कारणों का पता जांच के बाद ही लगाया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *