Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

हाट कालिका धाम और पाताल भुवनेश्वर गुफा का होगा संरक्षण: भटगांई

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने रविवार को मानस खंड मंदिर माला के अंतर्गत प्रमुख धार्मिक स्थलों हाट कालिका धाम और पाताल भुवनेश्वर गुफाके दर्शन कर विधि विधान से पूजा-अर्चना की तथा जनपद के लोगों की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की। इस दौरान जिलाधिकारी ने व्यवस्थाओं, सुरक्षा, सुविधाओं और चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा भी की। हाट कालिका में उन्होंने सफाई, पेयजल, शौचालय, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग सुविधा और मार्गों की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को तत्काल उचित कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन पार्किंग की गुणवत्ता और यातायात प्रबंधन पर भी विशेष जोर दिया। महाकाली समिति के सदस्यों की मांग पर मंदिर समीप पार्किंग व्यवस्था हेतु जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को एक विस्तृत प्लान बनाने के निर्देश दिए। पाताल भुवनेश्वर में जिलाधिकारी ने प्रवेश निकास मार्ग, प्रकाश व्यवस्था, गाइड सुविधा एवं आपदा प्रबंधन की समीक्षा की। उन्होंने परिसर में सीसीटीवी कैमरे, सुदृढ़ मार्गदर्शन तंत्र और सुरक्षित पर्यटक आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह प्राचीन गुफा धार्मिक ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर भी है, जिसका संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता है।जिलाधिकारी ने कहा कि मानस खंड मंदिर माला का उद्देश्य कुमाऊँ के प्रमुख धार्मिक स्थलों को एक सुव्यवस्थित आध्यात्मिक- पर्यटक परिपथ के रूप में विकसित करना है। इस योजना के तहत प्रत्येक स्थल पर बुनियादी सुविधाओं का उन्नयन, सौंदर्यीकरण, सुरक्षा प्रबंधन और पर्यटकों के अनुभव को समृद्ध करने के लिए आधुनिक तंत्र जोड़े जा रहे हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी संरचनात्मक और संरक्षण संबंधी कार्य भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ;ए.एस.आई.द्ध के साथ समन्वय में समयबद्ध एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएंगे।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धार्मिक स्थलों पर सूचना-पट्ट, बैठने की व्यवस्था, संपर्क मार्गों का उन्नयन, पार्किंग सुविधाएँ और आपातकालीन सहायता तंत्र को मजबूत किया जाए, ताकि आगंतुकों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम वातावरण मिल सके। उन्होंने कहा कि यह प्रयास न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देंगे, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था, सांस्कृतिक संरक्षण और क्षेत्रीय पहचान को भी सुदृढ़ करेंगे।जिलाधिकारी ने कहा कि धार्मिक स्थलों का संरक्षण और सुव्यवस्था प्रशासन एवं समाज दोनों की साझा जिम्मेदारी है, और प्रशासन इन स्थलों को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सतत प्रयासरत है। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, गंगोलीहाट का दौरा किया, जहां छात्राओं ने उनका पारंपरिक लोक गीत और नृत्य के साथ स्वागत किया। जिलाधिकारी ने राजीव गाँधी नवोदय स्कूल का भी दौरा किया ओर वहां की व्यवस्थाओ का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, कॉन्सेप्ट क्लियर रखने और नई तकनीकों के साथ सीखने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि स्मार्ट वर्क, हार्ड वर्क, टाइम मैनेजमेंट और सही अप्रोच अपनाकर ही लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं। जिलाधिकारी ने छात्राओं को निरंतर प्रयास, सकारात्मक सोच और अनुशासन को सफलता की कुंजी बताते हुए अपने भविष्य के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी गंगोलीहाट यशवीर सिंह, तहसीलदार, नगर पालिका अध्यक्ष विमल रावल, महाकाली मंदिर समिति अध्यक्ष हरगोविंद रावल, सचिव कमल रावल, संगठन सचिव दीपक रावल एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *