ऊधमसिंहनगर पुलिस ने तीन शातिर लुटेरो को मुठभेड़ के बाद किया गिरफ्तार
रूद्रपुर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भयमुक्त एवं अपराध-मुक्त उत्तराखंड के विजन को साकार करने के लिए पुलिस लगातार कड़े कदम उठा रही है। इसी क्रम में एसएसपी मणिकांत मिश्रा के नेतृत्व में ऊधमसिंहनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर लुटेरों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। घटना 19 नवंबर 2025 की है, जब थाना पंतनगर पुलिस क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का खुलासा करने हेतु आरोपियों की तलाश में थी। रात करीब 10 बजे पुलिस को सूचना मिली कि तीन संदिग्ध व्यक्ति संजय वन क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने जब उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिस पर दो राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो आरोपी अरमान और रेहान गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया और घायलों को उपचार के लिए तत्काल अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार आरोपियों में अरमान उर्फ मुन्ना निवासी रेशमबाड़ी, रुद्रपुर, सुमित गंगवार निवासी नीलकंठ कॉलोनी, किच्छा तथा मोहम्मद रेहान निवासी रेशमबाड़ी, रुद्रपुर शामिल हैं। तीनों के खिलाफ चोरी व लूट के कई मामले पहले से दर्ज हैं और ये पूर्व में कई बार जेल जा चुके हैं। अरमान तीन बार, सुमित एक बार लूट और दो बार चोरी में, जबकि रेहान दो बार कोतवाली रुद्रपुर और एक बार ट्रांजिट कैंप से चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे 12 बोर, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस भी बरामद किए। पुलिस का कहना है कि यह गिरफ्तारी क्षेत्र में सक्रिय लुटेरों के नेटवर्क पर बड़ी चोट है और अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
