पीएम मोदी का राज्य स्थापना दिवस पर अभूतपूर्व स्वागत
देहरादून। उत्तराखंड के राज्य स्थापना के रजत जयंती समारोह के अवसर पर रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभूतपूर्व स्वागत किया गया। पीएम मोदी स्पेशल विमान से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उनका स्वागत राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। इसके बाद प्रधानमंत्री कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) पहुंचे। समारोह स्थल पर उनका स्वागत करने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। एफआरआई में पहुंचते ही पीएम मोदी ने राज्य स्थापना दिवस से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। स्वागत समारोह में पारंपरिक ढोल-नगाड़ों और रणसिंघा की थाप ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। लगभग 120 कलाकार पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित होकर उपस्थित रहे और लोक संस्कृति की रंगीन झलक पेश की। भीड़ ने मोदी-मोदी के जयकारे लगाकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी के आगमन से पूरे समारोह स्थल पर उत्साह का माहौल बना रहा। रजत जयंती पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने पर सीएम धामी ने शॉल भेंटकर पीएम मोदी का स्वागत किया। सीएम ने ऊखीमठ केदार बाबा के शीतकालीन प्रवासस्थल की प्रतिकृति पीएम मोदी को भेंट की।


