February 13, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

राष्ट्रपति के नैनीताल प्रवास को लेकर जिले में दो दिन का ट्रैफिक प्लान लागू

नैनीताल। भारत की राष्ट्रपति महोदया के दो दिवसीय नैनीताल भ्रमण और प्रवास कार्यक्रम के मद्देनजर जनपद नैनीताल पुलिस प्रशासन ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। आईजी कुमांउ रिद्धिम अग्रवाल ने जनपद पुलिस द्वारा लागू किये गये यातायात प्लान का पालन करने की अपील की है। यह योजना 3 और 4 नवम्बर 2025 को लागू रहेगी। प्रशासन के अनुसार 3 नवम्बर को सुबह 8 बजे से लेकर शाम तक तथा 4 नवम्बर को सुबह 6 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक यह ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावी रहेगी। राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कुल 17 स्थानों पर वाहनों के डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां से यातायात को वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ा जाएगा।पुलिस के अनुसार राष्ट्रपति के 3 नवम्बर को हल्द्वानी से नैनीताल भ्रमण के दौरान वीवीआईपी रूट पर सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान हल्द्वानी-काठगोदाम से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को कालाढूंगी और रामनगर मार्ग से भेजा जाएगा। रोडवेज और केमू स्टेशन से चलने वाली बसें और टैक्सियाँ अपने स्टैंड पर ही रोकी जाएंगी। शहर के विभिन्न हिस्सोंजैसे नैनीताल बैंक तिराहा, पनचक्की तिराहा, महाकाली जनरल स्टोर तिराहा, सलड़ी चौकी, अमृतपुर गेट आदि पर वाहनों को रोका या डायवर्ट किया जाएगा। भीमताल, भवाली और कालाढूंगी की ओर से आने-जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। नैनीताल से हल्द्वानी आने वाले वाहन कालाढूंगी और भवाली-भीमताल मार्गों से भेजे जाएंगे, जबकि रूसी बैण्ड क्षेत्र में वाहनों को नियंत्रित कर वैकल्पिक दिशा में मोड़ा जाएगा।4 नवम्बर को राष्ट्रपति के नैनीताल से भवाली भ्रमण के दौरान भी भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। कालाढूंगी रोड, शेरवुड कॉलेज, मस्जिद तिराहा, टोलटैक्स तल्लीताल, हनुमानगढ़ी, ज्योलीकोट, नैनी बैण्ड, रामगढ़, घोड़ाखाल, भवाली और रानीखेत से आने वाले वाहनों को विभिन्न स्थानों पर रोका या डायवर्ट किया जाएगा। भवाली गांव से आने वाले वाहनों को सैनिटोरियम पार्किंग में पार्क करने के निर्देश दिए गए हैं। रानीखेत, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत और धारी मार्ग से आने वाले वाहनों को खैरना पुल या क्वारब से रामगढ़ होते हुए भीमताल मार्ग की ओर भेजा जाएगा।राष्ट्रपति के नैनीताल से हल्द्वानी वापसी के दौरान भी यही व्यवस्था लागू रहेगी। इस दौरान कालाढूंगी रोड, शेरवुड कॉलेज, मस्जिद तिराहा और ऑल सेंट तिराहा क्षेत्र में वाहनों का आवागमन रोक दिया जाएगा। भवाली की ओर से आने वाले वाहनों को कैलाखान मोड़ पर रोका जाएगा। ज्योलीकोट से आने वाले वाहनों को रूसी-2 से रूसी-1 मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा। हल्द्वानी में भी रोडवेज स्टेशन, पनचक्की, नैनीताल बैंक तिराहा, राजपुरा, तिकोनिया, आर्मी गेट आदि स्थानों पर वाहनों की आवाजाही सीमित रहेगी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वीवीआईपी फ्रलीट के प्रस्थान के दौरान मुख्य मार्गों पर पड़ने वाले सभी लिंक रोड और कटों से वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। जनसामान्य से अपील की गई है कि 3 और 4 नवम्बर को निर्धारित ट्रैफिक प्लान को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं ताकि असुविधा से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *