February 13, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

महिला का प्लास्टिक के बोरे में बंद शव मिलने से सनसनी

खटीमा(उद संवाददाता)। शहर में रविवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब मंडी समिति के पीछे रेलवे पटरी किनारे झाड़ियों में प्लास्टिक के बंद बोरे में एक महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। शव की हालत इतनी खराब थी कि उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने मौके से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसकी कॉल डिटेल खंगाली जा रही है ताकि मृतका की पहचान और घटना की सच्चाई तक पहुंचा जा सके। जानकारी के अनुसार रविवार तड़के शिव कॉलोनी नौगवांठग्गू निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को 112 नंबर पर सूचना दी कि मंडी समिति के पीछे रेलवे लाइन की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते के किनारे झाड़ियों से तेज दुर्गंध आ रही है। सूचना मिलते ही एसएसआई ललित मोहन रावल, एसआई पंकज महर और एसआई विजय बोहरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जब पुलिस ने झाड़ियों की तलाशी ली तो वहां प्लास्टिक के बोरे में एक महिला का शव बरामद हुआ। शव काफी सड़-गल चुका था और आसपास दुर्गंध फैली हुई थी। सूचना पर महिला उपनिरीक्षक रुबी मौर्य भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने शव की जांच की तो मृतका के दाहिने हाथ की उंगलियों में अंग्रेजी में ‘आनंद’ और कोहनी पर ‘आनंद लव्स’ अंकित पाया गया। पुलिस को संदेह है कि ये टैटू किसी संबंध या परिचय का संकेत हो सकते हैं, जो मृतका की पहचान में मददगार साबित हो सकते हैं। पुलिस को मौके से एक मोबाइल फोन भी मिला है, जिसे अपने कब्जे में लेकर फॉरेन्सिक जांच के लिए भेजा गया है। मोबाइल की कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि मृतका की आिखरी बार किससे बातचीत हुई थी। घटना की सूचना पर पुलिस क्षेत्रधिकारी बी.एस. धौनी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद रुद्रपुर से फॉरेन्सिक फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण करते हुए तस्वीरें लीं और बोरे समेत आसपास के क्षेत्र से नमूने जुटाए। पुलिस ने महिला की शिनाख्त के लिए छानबीन की लेकिन दोपहर तक उसकी पहचान नहीं हो सकी। वहीं एसओजी की टीम भी जांच में जुट गई है और वह शव के पास से मिले मोबाइल की कॉल डिटेल्स का विश्लेषण कर रही है। फिलहाल पुलिस ने शव को सुरक्षित मोर्चरी में रखवा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल डेटा विश्लेषण के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत कैसे हुई और इस वारदात के पीछे कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने अनुमान जताया है कि महिला की हत्या कहीं और कर शव को छिपाने के लिए बोरे में बंद कर यहां फेंका गया होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *