नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने संभाली जनपद पौड़ी गढ़वाल की कमान
पौड़ी गढ़वाल, 30 अक्टूबर 2025 । आज जनपद पौड़ी गढ़वाल में पुलिस प्रशासन को नई दिशा मिलने की उम्मीद के साथ नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री सर्वेश पंवार (IPS) ने विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने औपचारिक रूप से गार्द सलामी लेने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदभार संभाला। कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात श्री पंवार ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर जनपद की कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, एवं जनसेवा से संबंधित प्राथमिकताओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि पौड़ी गढ़वाल पुलिस जनता की सुरक्षा और सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी तथा पारदर्शिता और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेगी।श्री सर्वेश पंवार भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वर्ष 2019 बैच के अधिकारी हैं। अपने अब तक के कार्यकाल में उन्होंने पुलिसिंग के क्षेत्र में अपनी कार्यकुशलता, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं संवेदनशील दृष्टिकोण से विशेष पहचान बनाई है। इससे पूर्व वे पुलिस अधीक्षक अपराध देहरादून, पुलिस अधीक्षक यातायात देहरादून, एवं पुलिस अधीक्षक चमोली जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएँ दे चुके हैं।उनके नेतृत्व में जिन जनपदों में उन्होंने कार्य किया, वहाँ पुलिस व्यवस्था में नवाचार और सुधारों के उल्लेखनीय उदाहरण देखने को मिले। उन्होंने तकनीकी नवाचारों के माध्यम से अपराध नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन और जनसंपर्क को मजबूत किया, जिससे पुलिस और जनता के बीच विश्वास में वृद्धि हुई। पौड़ी गढ़वाल पुलिस परिवार ने नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। पुलिस विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में जनपद पौड़ी गढ़वाल में पुलिस कार्यप्रणाली नई ऊँचाइयों को छुएगी। पुलिस परिवार ने कहा कि श्री पंवार के मार्गदर्शन में पौड़ी पुलिस “सुरक्षित, अनुशासित, पारदर्शी एवं जनसेवा-केंद्रित पुलिसिंग” के आदर्श को साकार करने के लिए पूर्ण निष्ठा, समर्पण और टीम भावना के साथ कार्य करेगी। पौड़ी गढ़वाल पुलिस की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, श्री सर्वेश पंवार का आगमन जनपद पुलिस बल में नई ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मक परिवर्तन की भावना लेकर आया है।
