एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने संभाला कार्यभार: कहा , जनता से संवाद, पारदर्शिता और शीघ्र न्याय हमारी प्राथमिकता
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने जिलाधिकारी नैनीताल से शिष्टाचार भेंट की
नैनीताल। जनपद नैनीताल के नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने बुधवार को विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के उपरांत उन्होंने एसएसपी कार्यालय नैनीताल का भ्रमण किया और विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण करते हुए शाखा प्रभारियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने, पूर्ण निष्ठा व मनोयोग से अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने जिलाधिकारी नैनीताल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने जिले की कानून-व्यवस्था एवं भौगोलिक स्थिति की जानकारी प्राप्त की। साथ ही आगामी वीवीआईपी भ्रमण को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गईबाद में उन्होंने पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान नैनीताल के पत्रकारों से परिचय प्राप्त किया और पुलिस प्रशासन की प्राथमिकताओं को साझा किया। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा “महिला सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। नशे के तस्करों और उनके नेटवर्क पर कठोरतम कार्यवाही की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध नियंत्रण नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षा, विश्वास और पारदर्शिता का वातावरण बनाना है। उन्होंने आगे कहा कि जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।ड्रग्स, साइबर ठगी और महिला सुरक्षा आज की बड़ी चुनौतियाँ हैं। इनसे निपटने के लिए नैनीताल पुलिस हर स्तर पर सक्रिय और तत्पर रहेगी। साइबर अपराधियों पर सघन कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता अभियानों को भी गति दी जाएगी, ताकि जनता का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो। एसएसपी ने कहा कि जनता से संवाद, पारदर्शिता और शीघ्र न्याय नैनीताल पुलिस की कार्यशैली का आधार रहेगा। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से सुना जाएगा और समाधान किया जाएगा।


