बाईक शोरूम के गोदाम भड़की आग : दर्जनों बाईक, स्पेयर पार्ट्स, एसेसरीज आदि जलकर हुए राख
रुद्रपुर (उद संवाददाता)। काशीपुर मार्ग पर आज प्रातः अज्ञात कारणों के चलते बाईक शोरूम के एक गोदाम में आग लग जाने से दर्जनों बाईक सहित भारी संख्या में स्पेयर पाटर््स, एसेसरीज व अन्य सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर फायर कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शोरूम स्वामी ने अग्निकांड की इस घटना में करीब एक करोड़ रूपये का नुकसान होना बताया है। बताया जाता है कि आज प्रातः काशीपुर मार्ग पर लोगों ने दशमेश टीवीएस के शोरूम के पीछे गोदाम से धुआं निकलते देखा। घटना की जानकारी तत्काल प्रतिष्ठान स्वामी गदरपुर वार्ड 11 निवासी गुरप्रीत सिंह पुत्र स्व- गोपाल सिंह को दी गई। जानकारी मिलते ही वह परिजनों के साथ तुरंत मौके पर आ गये। इसी दौरान मामले की सूचना मिलने पर दमकल कर्मी भी आ पहुंचे। गोदाम का शटर न खुलते देख दमकलकर्मियों ने गोदाम की दीवार को तोड़ा तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था और गोदाम में रखी सैकड़ो नई बाइक धूं कर जल रही थीं। दमकल कर्मियों ने किसी तरह गोदाम के अन्दर प्रवेश किया और आग बुझाने का काम शुरू किया। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू किया जा सका। शोरूम स्वामी गदरपुर वार्ड 11 निवासी गुरप्रीत सिंह का कहना है कि त्यौहारी सीजन होने के कारण इस गोदाम में सैकड़ो की संख्या में नई बाइक खड़ी हुई थी। गोदाम बाइक से भरा हुआ था लगभग 100 से अधिक बाइक खड़ी हुई थी। उन्होंने बताया कि बीती रात लगभग 8ः30 बजे वह शोरूम बंद कर घर चले गए और शोरूम के भीतर सारी लाईट और अन्य बिजली के उपकरण पूरी तरह से बंद कर दिए थे। उन्होंने कहा कि आज प्रातः लगभग 8 बजे पड़ोसियों ने सूचना दी कि गोदाम से धुआं निकल रहा है। जिसके बाद वह आनन फानन में परिजनों के साथ गदरपुर से रुद्रपुर अपने शोरूम पहुंचे। तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। उनका कहना था घटना की जानकारी मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। लेकिन गोदाम चारों तरफ से बंद होने के कारण और घना धुआं होने के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दमकल विभाग की टीम ने गोदाम के पीछे की दीवार तोड़ी तब कहीं जाकर पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक दर्जनों बाईक जल चुकी थी। शोरूम स्वामी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि अग्निकांड में एक करोड़ से अधिक का नुकसान हो गया है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। अग्निकांड में बाइक के अलावा स्पेयर पार्ट्स और अन्य सामान भी नष्ट हो गया है। इस दौरान आग बुझाने वालों में दमकल विभाग के एफएसओ महेश चंद्र, एलएफएम चन्द्र प्रकाश, चालक मदन सिंह, फायरमैन नवल कुमार, गौरव सिंह, नवीन सिंह, विपिन सिंह मौजूद थे।
