पर्यावरण संरक्षण और आपसी सद्भाव के साथ मनाएं दीपावली का पावन पर्व : मुख्यमंत्री आवास पर बधाई देने प्रदेश भर से पहुंचे लोग
देहरादून । सीएम पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी, पूर्व सीएम डा. रमेश पोखरियाल निशंक एवं पूर्व सीएम हरीश रावत के आवास पहुंचकर दीपावली के पावन पर्व की शुभकामनायें दी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में मंत्रीगण, विधायकगण, भारतीय प्रशासनिक सेवा, पुलिस तथा वानिकी सेवाओं के अधिकारी गणों और प्रदेशभर से आए लोगों ने भेंट कर दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी आगंतुकों का अभिवादन करते हुए उन्हें तथा उनके परिवारजनों को दीपावली की मंगलकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी लोग इस पर्व को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आपसी सद्भाव के साथ मनाएं। उन्होंने प्रदेश की सतत विकास यात्रा में सभी नागरिकों से सहयोग का आहवान किया है।








