नानकमत्ता में दर्दनाक हादसा : पिकप और ट्रैक्टर ट्राली की भिड़ंत में चार की मौत,एक गंभीर
नानकमत्ता (उद संवाददाता)। शनिवार सुबह नानकसागर बैराज के पास नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने इलाके को हिला कर रख दिया। मुर्गों से भरे एक पिकअप वाहन और सामने से आ रही मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए और ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई। हादसे में उत्तर प्रदेश के चार मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित हो गया।मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को प्रातः रूद्रपुर से पिकप सख्या यूूपी 22 बीटी 4229 मुर्गे लेकर खटीमा की ओर आ रहा था तभी नानकसागर बैराज से नीचे नर्सरी के पास नेशनल हाईवे पर सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्राली और पिकप वाहन में जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि आमने सामने की टक्कर में ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गएं और ट्राली पलट गई। हादसे के समय कई मजदूर ट्रैक्टर ट्राली में सवार थे। घटना की सूचना मिलने पर नानकसागर चौेकी इंचार्ज राजेन्द्र पंत ने अन्य पुलिस कर्मियों की मदद से 108 से घायलों को खटीमा के अस्पताल में पहुंचाया। जहां अिखलेश पुत्र अंतराम सिंह निवासी ग्राम उधमपुर, थाना उधमपुर, जिला अमरोहा और जयवीर पुत्र श्यामलाल निवासी ग्राम हसनगढ़, थाना अचौड़ा, जिला संभल (उत्तर प्रदेश) को मृत घोषित कर दिया गया। बाद में शीशपाल सिंह पुत्र महावीर सिंह निवासी हसनपुर एवं गुरमुख पुत्र राजेंद्र निवासी हसनपुर ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। एक घायल जयवीर पुत्र धर्मवीर का गंभीर हालत में उपचार चल रहा है। बताया गया है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी मजदूर उत्तर प्रदेश से उत्तराखंड आए थे और बिजली विभाग के लिए लाइन डालने का कांट्रैक्ट पर काम कर रहे थे। हादसे के वक्त वे किसी कार्यस्थल की ओर ही जा रहे थे। उसी दौरान यह हादसा हुआ। पुलिस ने पिकअप और ट्रैक्टर दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही से ड्राइविंग मानी जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
