Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

किशोरी ने बच्चे को दिया जन्म,युवक गिरफ्तार

नैनीताल। शहर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब बीडी पांडे अस्पताल में एक नाबालिग किशोरी ने बच्ची को जन्म दिया। घटना के सामने आते ही अस्पताल प्रशासन ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। किशोरी द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर युवक पर पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार किशोरी नैनीताल के एक स्कूल में कक्षा नौ की छात्रा है। बीते दिवस किशोरी को पेट दर्द की शिकायत के बाद उसकी मां उसे बीडी पांडे अस्पताल लेकर पहुंची थी। जांच के दौरान डॉक्टरों को किशोरी के गर्भवती होने का पता चला, जिससे अस्पताल प्रशासन भी हैरान रह गया। कुछ ही देर में किशोरी ने सामान्य प्रसव से एक बच्ची को जन्म दिया। इस घटना की सूचना जैसे ही शहर में फैली, प्रशासन और पुलिस विभाग में भी हलचल मच गई। अस्पताल पहुंची पुलिस ने किशोरी और उसकी मां से पूछताछ की, जिसमें एक युवक के साथ संबंध की बात सामने आई। किशोरी ने बताया कि अल्मोड़ा निवासी सूरज नामक युवक से दो साल पहले फेसबुक के जरिए उसकी जान-पहचान हुई थी। युवक तीन वर्ष पूर्व काम की तलाश में नैनीताल आया था और यहां एक रेस्टोरेंट में नौकरी करने लगा था। उसी दौरान दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और संबंध बन गए। किशोरी का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। उसकी मां घरों में काम करती हैं जबकि पिता होटल में मजदूरी कर परिवार चलाते हैं। परिवार को इस बात की भनक तक नहीं लगी कि किशोरी गर्भवती है। कोतवाल ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्रतार कर लिया गया है। वहीं, एसपी ट्रैफिक व अपराध डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसे कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *