Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

“स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” प्रदेश भर में आयोजित 20,495 स्वास्थ्य शिविरों में अब तक 12.50 लाख से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया

देहरादून। उत्तराखण्ड में चल रहे “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” ने बहुत कम समय में अभूतपूर्व उपलब्धियाँ हासिल की हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत 17 सितम्बर से 1 अक्टूबर 2025 तक प्रदेश भर में आयोजित 20,495 स्वास्थ्य शिविरों में अब तक 12.50 लाख से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। यह उत्तराखण्ड के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर कहा कि “स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार और मजबूत समाज की नींव है। हमारी सरकार ने हर नागरिक तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाने का संकल्प लिया है। इतने कम समय में लाखों लोगों का इन शिविरों में आकर स्वास्थ्य लाभ लेना इस बात का प्रमाण है कि जनता स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो रही है। आगामी समय में हम इस अभियान को और व्यापक बनाएंगे और हर घर तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाएंगे।”शिविरों के दौरान लाखों लोगों ने विभिन्न बीमारियों की स्क्रीनिंग कराई। हाइपरटेंशन की स्क्रीनिंग में 5.46 लाख लोग शामिल हुए। इसी प्रकार 5.17 लाख लोगों ने डायबिटीज़ की जाँच कराई। कैंसर (ओरल, सर्वाइकल और ब्रेस्ट) की स्क्रीनिंग भी बड़े पैमाने पर हुई, जिसमें 4.63 लाख लोगों की जाँच की गई।महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए 1.88 लाख लोगों की एनीमिया जांच की गई, वहीं 1.42 लाख बच्चों को टीकाकरण की सुविधा दी गई। तपेदिक (टीबी) के लिए 92 हजार से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की गई, जिससे गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान संभव हो सकी।
स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने कहा कि आने वाले महीनों में और अधिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएँगे। विशेष रूप से दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में मोबाइल स्वास्थ्य इकाईयाँ भेजी जाएँगी ताकि कोई भी नागरिक स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रह सके। शिविरों में आने वाले प्रत्येक मरीज का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा और उनकी लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *