Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

धामी सरकार व प्रदेश में बिगड़ी कानून व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस नेताओं ने किया प्रदर्शन

हल्द्वानी (उद संवाददाता)। प्रदेश में बिगड़ी कानून व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेेसियों ने शनिवार को प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ जमकर गुबार निकाला। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने धामी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और धामी सरकार पर कानून व्यवस्था संभालने में नाकाम होने का आरोप लगाया। बुद्ध पार्क में कानून व्यवस्था के खिलाफ आयोजित विशाल रैली को संबोधित करते कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि आज राज्य की बहू बेटियों का सम्मान सुरक्षित नही रह गया है। आए दिन मातृशक्ति के साथ अपराधिक घटनाएं घटित हो रही है जिस भय से उनका घर से बाहर निकलना भी मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अंकिता हत्याकाण्ड मामले सहित कुछ अन्य कई मामले सामने आये है जिनमें भाजपा नेताओं पर आरोप लगाये गये लेकिन ऐसे मामलों में जांच के नाम पर महज लीपापोती की गई। उन्होंने कहा कि राज्य में आपराधिक तत्व बेखौफ घटनाओं को अंजाम दे रहे है लेकिन प्रदेश सरकार व पुलिस प्रशासन कुछ नही कर पा रहे है। श्री माहरा ने कहा देवभूमि की जनता को आज भय के माहौल में जीनें को मजबूर होना पड़ रहा है। अपने सम्बोधन में विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ आज का आंदोलन महज कांग्रेस पार्टी का ही नही बल्कि आम जनता से जुड़ा आंदोलन है। उन्होंने कहा सत्तारूढ़ दल के सामने कानून व्यवस्था कोई मायने नही रखती है। सरकार अपनी इच्छानुसार कानून का इस्तेमाल कर रही है जिसका जीता जागता प्रमाण जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव है। जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में अपहरण काण्ड को लेकर पुलिस को निशाना बनाते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस अभी तक अपहरण कर्ताओं को नहीं पकड़ पाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ आम जनता को साथ लेकर अपना आंदोलन जारी रखेगी। सभा को सम्बोधित करते उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने कहा नैनीताल के एसपी के कार्यकाल में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। सभा को विधायक आदेश चौहान, ललित जोशी, लाखन नेगी, महानगर अध्यक्ष गोविन्द बिष्ट, विमला सांगुड़ी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने सम्बोधित किया। इस दौरान कांग्रेस ने सरकार व पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की वही वोट चोर गद्दी छोड़ के नारें भी लगाये। धरना स्थल के बाहर पुलिस बल तैनात रहा। धरना प्रदर्शन में विधायक भुवन कापड़ी, आदेश चौहान, लाखन नेगी, ललित जोशी, हिमांशु गाबा, खजान पांडे, महानगर अध्यक्ष गोविंद बिष्ट, मीमांसा आर्य, मधु सांगरी, विमला सांगरी, हेमंत साहू, प्रीति आर्य, तलत एहतेशाम, जाकिर हुसैन, लाल सिंह पवार आदि सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *