February 13, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

देहरादून में दर्दनाक हादसा : तेज रफ्तार लग्जरी कार की टक्कर से चार लोगों की मौत

देहरादून। देहरादून में राजपुर रोड पर एक तेज रफ्तार लग्जरी कार ने सड़क किनारे चल रहे चार मजदूरों को रौंदा डाला। चारों की मौके पर ही मौत हो गई। कार चालक गाड़ी को रोकने के बजाय वहां कुछ दूरी पर खड़े स्कूटर को टक्कर मारकर भाग गया। स्कूटर पर बैठकर बात कर रहे दो युवक भी घायल हो गए। कार चंडीगढ़ नंबर की बताई जा रही है, जिसकी तलाश में सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जा रही है। हादसे के वक्त कार की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा से ज्यादा होने का अनुमान लगाया जा रहा है। दरअसल जिस जगह हादसा हुआ वहां पर अस्पताल के पास कई मकान हैं। मकान में रहने वाले लोग उस वक्त आसपास ही खड़े हुए थे। इनमें कोई अपने आंगन में मौजूद था और कोई बाहर टहल रहा था। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह गली में टहल रहे थे। इसी बीच जोर के धमाके की आवाज आई तो वह सड़क किनारे आए। इतने में में ही देखा कि वहां पर कुछ लोग अचेत हालत में पड़े थे। पास में ही एक स्कूटर गिरा था और दो लोग कराह रहे थे। सभी को उत्तरांचल आयुर्वेद हॉस्पिटल में ले कर गए। लेकिन वहां से उन्हें दून अस्पताल भेज दिया गया। वहां चार को मृत घोषित किया गया। जबकि दो घायलों का इलाज चल रहा है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि घटना राजपुर और साईं मंदिर के बीच बुधवार रात करीब सवा आठ बजे हुई। मृतकों की पहचान अयोध्या के गांव लौटी सरैया के रहने वाले मंशा राम पुत्र रामबहादुर और रंजीत के रूप में हुई है। जबकि, दो मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। ये सभी कांठ बंगला बस्ती में रह रहे थे। सभी शिवम नाम के ठेकेदार के अधीन मजदूरी और राजमिस्त्री का काम करते थे। हादसा उस वक्त हुआ जब ये सब काम खत्म करने के बाद अपने घर लौट रहे थे।घायलों में हरदोई के गांव अजीज पुर निवासी धनीराम पुत्र राजकुमार और बिहार के रहने वाले मोहम्मद शाकिब पुत्र मोहम्मद जाहिर शामिल हैं। हादसे के वक्त ये दोनों स्कूटर पर बैठकर बात कर रहे थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *