October 12, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

हरिद्वार में धामी कैबिनेट की बैठक,13 प्रस्तावों पर लगी मुहर

हरिद्वार (उद संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को हरिद्वार में पहली बार आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में 13 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। गंगा तट स्थित केंद्रीय मेला नियंत्रण भवन के सभागार में हुई इस बैठक में स्वास्थ्य, आवास और शहरी विकास समेत विभिन्न विभागों से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा के बाद निर्णय लिए गए। बैठक में हरिद्वार को दूसरा मेडिकल कॉलेज मिलने का रास्ता साफ होने के साथ ही ईएसआई मेडिकल कॉलेज और मुख्यमंत्री वीरता पुरस्कार से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। बैठक से पहले मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ गंगा तट पर पूजा अर्चना की। हरिद्वार में हुई कैबिनेट की इस बैठक को स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हरिद्वार को दूसरे मेडिकल कॉलेज की सौगात मिलने से चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। वहीं ईएसआई मेडिकल कॉलेज से जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने से संबंधित योजना को आगे बढ़ाने का रास्ता खुलेगा। मुख्यमंत्री वीरता पुरस्कार से संबंधित प्रस्ताव को भी कैबिनेट की स्वीकृति मिली। हालांकि, बैठक में मंजूर किए गए सभी 13 प्रस्तावों का विस्तृत ब्योरा और उनके क्रियान्वयन से जुड़ी शर्तें उपलब्ध नहीं हो सकीं। कैबिनेट बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम किया जा रहा है। युवाओं के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, वहीं महिलाओं के सशक्तीकरण और उनके कल्याण के लिए भी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से काम किया जा रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने आयुष्मान कार्ड योजना को लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा देने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। जल जीवन मिशन के माध्यम से घरों तक पेयजल पहुंचाने के प्रयासों का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रें में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। जनजातीय समुदाय के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए एकलव्य विद्यालयों की व्यवस्था की गई है। सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग और दूरस्थ क्षेत्रें तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार मिलकर जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ा रही हैं, जिससे लोगों के जीवन में बदलाव आ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव रहा है। उनके मार्गदर्शन और सहयोग से प्रदेश विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। पर्यटन और तीर्थाटन के क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है और चारधाम यात्र नए रिकॉर्ड बना रही है। इससे प्रदेश की पहचान के साथ ही पर्यटन से जुड़े लोगों की आजीविका को भी बढ़ावा मिल रहा है। धामी ने कहा कि प्रदेश को जरूरत पड़ने पर प्रधानमंत्री का सहयोग मिलता रहा है। राज्य की कई ऐसी योजनाएं और परियोजनाएं, जो दशकों से लंबित थीं, उन्हें आगे बढ़ाने में केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर छोटे राज्य की विकास संबंधी जरूरतों पर पर्याप्त ध्यान नहीं देने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग से आज प्रदेश में कई बड़ी परियोजनाएं धरातल पर दिखाई दे रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों और सीमावर्ती क्षेत्रें की जरूरतों को देखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाना जरूरी है। सरकार सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रें में सुविधाओं के विस्तार के लिए काम कर रही है। उन्होंने केंद्र सरकार के सहयोग को प्रदेश की विकास यात्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि राज्य में विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को आगे भी गति दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *