February 27, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कम मतदान किसकी राह करेगा आसान? उम्मीदवारों के माथे पर चिंता की लकीरें..

रूद्रपुर। उत्तराखंड की पांचो सीटों पर घटे मतदान के प्रतिशत ने जहां उम्मीदवारों के माथे पर चिंता की लकीरें पैदा कर दी हैं, वहीं दूसरी ओर सियासी हलकों में जीत-हार को लेकर गुणा-भाग शुरू हो गया है और अब यह आकलन करने की कोशिश की जा रही है कि कम मतदान से किसी राजनीतिक दल की राह आसान होगी ? कम मतदान के बावजूद भाजपा और कांग्रेस अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं। भाजपा के राज्य अध्यक्ष ने जहां गत दिवस देहरादून में भाजपा की हैट्रिक लगने का पूरा विश्वास जाताया ,वही कांग्रेस अपने पक्ष में अंडर करंट मानकर चल रही है। जातिगत आंकड़ों, कैडर वोट के आधार पर लगाए जा रहे इन अनुमानों के बीच यह मतदान प्रतिशत में आई बड़ी गिरावट को लेकर चिंता भी सामने आई है और यह अनुमान लगाना लगाया जा रहा है कि किसके मतदाताओं के मतदान केंद्र तक न पहुंचने से मतदान के प्रतिशत में अच्छी खासी गिरावट आई है? खासतौर पर पहाड़ की संसदीय सीटों के 21 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत 50 फीसदी से भी कम रहा है। अल्मोड़ा की सल्ट सीट पर प्रदेश में सबसे कम 32 फीसदी मतदान रहा, जबकि हरिद्वार ग्रामीण में सबसे अधिक 73.21 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया , लेकिन श्रीनगर गढ़वाल विधानसभा को छोड़कर प्रदेश की बाकी सभी सीटों पर मतदान प्रतिशत 2019 की तुलना में घटा है और दोनों ही रावत अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे हैं। दोनों ही उम्मीदवारों के अपनी जीत के पक्ष में अपने-अपने तर्क हैं।भाजपा कब्जे वाली इस सीट पर 2014 में यह 71.57 प्रतिशत था। 2019 में यह 68.92 प्रतिशत था लेकिन इस चुनाव में यह घटकर 62.36 प्रतिशत पहुंच गया। मतदान प्रतिशत के आंकड़ों के विश्लेषण से जो तस्वीर उभर कर सामने आ रही है, वह बता रही कि संसदीय क्षेत्र में जिन विस सीटों पर कांग्रेस व विपक्षी विधायक काबिज हैं, उनमें भाजपा कब्जे वाली विधानसभा सीटों से अधिक मतदान हुआ है । भाजपा शासित धर्मपुर, ऋषिकेश, डोईवाला, हरिद्वार, रुड़की में 60 फीसदी से कम मतदान हुआ है और केवल भेल रानीपुर सीट पर ही 60 फीसदी मतदान रिकॉर्ड किया गया है ,वहीं, कांग्रेस शासित सीटों भगवानपुर, हरिद्वार ग्रामीण, झबरेड़ा, ज्वालापुर, पिरान कलियर सीट पर मतदान 60 फीसदी से लेकर 73.21 फीसदी तक दर्ज किया गया ।इन सीटों पर मुस्लिम मतदाताओं की संख्या भी अच्छी-खासी तादाद में है। इसके अलावा मंगलौर, लक्सर व खानपुर सीट पर भी मतदान 60 फीसदी से अधिक रहा है। दूसरी ओर टिहरी लोकसभा में मतदान प्रतिशत पहली बार गिर गया और यहां 2019 के मुकाबले मतदान प्रतिशत में 5।73 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। इस लोकसभा में वर्तमान में 14 में से 11 विधानसभा सीटों पर भाजपा, दो पर कांग्रेस और एक पर निर्दलीय विधायक हैं।पिछले चार चुनावों के हिसाब से टिहरी लोकसभा पर नजर डालें तो वर्ष 2009 के चुनाव में यहां 50.38 प्रतिशत मतदान हुआ था। 2014 में यह आंकड़ा बढ़कर 57.44 प्रतिशत और 2019 में 58.30 प्रतिशत पर पहुंच गया था, लेकिन इस बार मतदान प्रतिशत में गिरावट दर्ज की गई है। इस साल के चुनाव में टिहरी लोकसभा में 52.57 प्रतिशत मतदान हुआ है। यहां भाजपा से माला राज्य लक्ष्मी शाह, कांग्रेस से जोत सिंह गुनसोला के अलावा निर्दलीय प्रत्याशी बॉबी पंवार के बीच त्रिकोणीय संघर्ष था। साथ ही नैनीताल-ऊधम सिंह नगर लोकसभा सीट पर इस बार 7.57 प्रतिशत तक मतदान घट गया है।मतदान में आई इस गिरावट ने सभी प्रत्याशियों की पेशानी पर बल डाल दिए हैं। ऐसा इसलिए कि 2009 के बाद इसी सीट पर मतदान प्रतिशत ने 9.73 प्रतिशत की छलांग लगाई थी। 2009 में 58.69 प्रतिशत वोट पड़े थे। 2014 में प्रचंड मोदी लहर में यह बढ़कर 68.41 प्रतिशत हो गए और 2019 में यह मतदान प्रतिशत 68.92 तक रहा, लेकिन 2024 के चुनाव में यह घटकर 61.35 प्रतिशत रह गया। इसके बावजूद भाजपा इस सीट पर हैट्रिक का दावा कर रही है, जबकि कांग्रेस भी इस सीट पर अपनी जीत को लेकर आश्वस्त है। 2019 के चुनाव में छह सीटों पर 70 फीसदी से अधिक मतदान हुआ था, लेकिन इस बार केवल सितारगंज सीट पर ही 70।15 मतदान हुआ। भाजपा के कब्जे वाली भीमताल, नैनीताल, काशीपुर सीटों पर जहां 60 फीसदी से कम मतदान हुआ ,वही लालकुआं, जसपुर व काशीपुर सीटों पर मतदान में नौ फीसद तक गिरावट रही। इसके बावजूद भाजपा इस सीट पर हैट्रिक लगाने का दावा कर रही, जबकि कांग्रेस भी इस सीट पर अपनी जीत को लेकर आश्वस्त दिख रही है । उधर गढ़वाल लोकसभा सीट पर लगातार दूसरे चुनाव में मतदान प्रतिशत की गिरावट सामने आई है ।यह सीट पिछले 10 साल से बीजेपी के पास है। वर्तमान में इस लोकसभा की 14 में से 13 सीटें भी भाजपा के पास हैं। 14वीं बदरीनाथ विधानसभा के कांग्रेस विधायक भी चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो गए थे। पिछले तीन चुनावों के ट्रेंड से गढ़वाल लोकसभा की तस्वीर काफी हद तक समझ में आती है। 2009 के लोकसभा चुनाव में यहां 48।87 प्रतिशत मतदान हुआ था, तब कांग्रेस से सतपाल महाराज सांसद चुने गए थे लेकिन 2014 में तस्वीर पलट गई तथा इस सीट पर मतदान प्रतिशत बढ़कर 53.98 प्रतिशत हो गया और भाजपा के मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी यहां से सांसद निर्वाचित हुए ।2019 में मतदान प्रतिशत बढ़कर 54.47 प्रतिशत दर्ज किया गया और भाजपा के तीरथ सिंह रावत यहां सांसद चुने गए, लेकिन अबकी बार मतदान प्रतिशत में करीब 3.63 प्रतिशत गिरकर 50.84 पर पहुंच गया है। 2022 के विस चुनाव में इस लोकसभा की 14 में से 13 विधानसभा सीटों पर भाजपा विजयी हुई थी। बदरीनाथ विस सीट पर कांग्रेस के राजेंद्र भंडारी विधायक थे, जो लोकसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा में शामिल हो गए थे और वर्तमान में ये सीट खाली है। इस बार यहां भाजपा के अनिल बलूनी और कांग्रेस के गणेश गोदियाल मैदान में थे।दोनों ही अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हैं। राज्य की पांचों सीटों में सबसे कम मतदान अल्मोड़ा लोकसभा सीट पर हुआ है। पिछले चुनाव की तुलना में इस सीट पर 4।88 प्रतिशत मतदान कम हुआ। 2009 में इस सीट पर 45।86 प्रतिशत मतदान हुआ था। 2014 में प्रचंड मोदी लहर के बावजूद यहां 52.41 फीसदी ही वोट पड़े और 2019 में 51.82 मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया था । इस बार यह घटकर 46.94 प्रतिशत ही रह गया । इस संसदीय क्षेत्र की अल्मोड़ा विस सीट पर गत चुनाव की तुलना में सबसे अधिक 10.55 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई है। संसदीय क्षेत्र की 14 विधानसभा सीटों में से नौ सीटों पर 50 फीसदी से कम मतदान हुआ है। सल्ट सीट पर एक बार फिर सबसे कम 32 फीसदी मतदान हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *