February 26, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

चोरों ने मचाया आतंक: एक रात में आठ दुकानों से लाखों की चोरी,व्यापारियों में भारी आक्रोश

गदरपुर(उद संवाददाता)। महतोष मोड में पुलिस चौकी से महज 400 मीटर की दूरी पर चोरों ने आठ दुकानों में धावा बोलकर लाखों का माल समेट लिया। एक ही रात में 8 दुकानों के ताले टूटने से पुलिस में हड़कम्प मचा है वहीं व्यापारियों में भारी रोष है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से जानकारी जुटाई और जल्द खुलासा करने की बात कही।चोरी की घटना सीसी टीवी फुटेज में भी कैद हुयी है। जानकारी के मुताबिक महतोष बाजार में स्थित गुरू चांद कलेक्शन, कालड़ा मेडिकल, कॉमन सर्विस सेंटर सहित आठ दुकानों में चोरों ने धावा बोलकर नगदी समेत कीमती सामान पार कर लिया। सुबह दुकान खुलने पर चोरी की जानकारी मिली तो पूरे इलाके में हड़कम्प मच गया। सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी ली। गुरुचांद कलेक्शन के स्वामी ने बताया कि उनकी दुकान में कुछ गोल्ड का सामान और नगदी रखा हुआ था वह भी चोरी हुए हैं। साथ ही दुकान का शटर तोड़कर शीशा तोड़ने के बाद कपड़े इत्यादि चोरी कर लिए गए हैं। उन्होंने बताया की लगभग 2 दो लाख का माल चोरी हुआ है। कालड़ा मेडिकल के स्वामी ने बताया कि उनकी दुकान से भी हजारों की नगदी चोरी हुयी है। कॉमन सर्विस सेंटर के संचालक ने बताया कि उनकी दुकान जो कि एटीएम दिनेशपुर भारतीय स्टेट बैंक का लॉकर और कॉमन सर्विस सेंटर है यहां से चोर नगदी समेत लॉकर उठाकर ले गये। इसके अलावा अन्य दुकानों से भी हजारों की नगदी और अन्य सामान चोरी हुआ है। व्यापारियों में चोरी की घटनाओं को लेकर भारी आक्रोश है।व्यापारियों का का कहना है पूर्व में भी महतोष मोड़ में चोरी हुई है लेकिन पुलिस खुलासा नहीं कर पायी। व्यापारियों ने खुलासा जल्द नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है। थाना अध्यक्ष भुवन चंद्र जोशी ने बताया कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *